अमर उजाला ब्यूरो
कमालगंज/ नवाबगंज (फर्रुखाबाद) । विद्युत उपकेंद्र की 33 हजार लाइन का खराब हुआ केबल बाक्स बदलने का काम होने से उपकेंद्र से पूरे दिन 300 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं खुदागंज और नवाबगंज में ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली संकट गहरा गया है। खुदागंज में 11 दिन और नवाबगंज कसबा में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है।
विद्युत उपकेंद्र कमालगंज की 33 हजार लाइन का केबल बाक्स दो दिन पूर्व बारिश में फाल्ट आने से खराब हो गया था। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। विभागीय अधिकारियों ने दूसरे केबल जोड़कर बिजली सप्लाई शुरू कराई थी। शनिवार को खराब केबल बाक्स बदलने का काम कराया गया। उपकेंद्र से संचालित सभी फीडरों को बंद कर दिया गया। इससे कसबा और 300 गांवों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। एसडीओ शरद प्रताप ने बताया कि दिन में केबल बाक्स बदलने का काम कराने के कारण बिजली सप्लाई बंद की थी, शाम को आपूर्ति चालू कर दी गई। खुदागंज गांव में 25 और 100 केवीए के ट्रांसफार्मर लगे हैं। यह 24 जुलाई को फाल्ट आने से फुंक गए थे। इससे गांव में करीब 11 दिन से बिजली संकट बना हुआ है। ग्रामीण आशु सिंह, अमर नाथ, राजेश कुमार, राजीव दुबे, प्रदीप यादव ने बताया बिजली न आने से वह मोबाइल चार्ज नहीं कर पा रहे है। एसडीओ शरद प्रताप ने बताया कि वह इसको दिखवाएंगे और जल्द ट्रांसफार्मर बदलवा देंगे।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार कसबा तिराहा पर 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। मंगलवार को वह फुंक गया था। इससे कसबे की बिजली सप्लाई बंद हो गई। मोहित भारद्वाज, सनी भारद्वाज, चंदन गुप्ता,विकास शाक्य, नीरज भारद्वाज,प्रमोद गुप्ता ने बताया कि विभागीय लापरवाही से कसबे का ट्रांसफार्मर आए दिन फुंक जाता है। जेई सुधीर कुमार ने बताया कि रविवार को ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।
250 गांवों में आज से आपूर्ति बहाल
शमसाबाद। हजियापुर विद्युत उपकेंद्र का पांच एमवीए ट्रांसफार्मर फुंक गया था। उसके स्थान पर लगने को दूसरा ट्रांसफार्मर आ गया है। उसे लगाने का काम शनिवार को पूरे दिन चलता रहा। इससे उपकेंद्र से करीब 250 गांवों को होने वाली बिजली सप्लाई बंद रही।
हजियापुर विद्युत उपकेंद्र के मंझना और रोशनाबाद फीडर से करीब 80 गांवों को बिजली दी जाती है। दोनों फीडर के लिए पंाच एमवीए का ट्रांसफार्मर उपकेंद्र पर लगा था। यह फाल्ट आने पर दो दिन पूर्व फुंक गया था। इसको बदल कर लगाने के लिए शनिवार को दूसरा ट्रांसफार्मर उपकेंद्र पर आया। इसको लगाने का काम किए जाने को उपकेंद्र के सभी फीडर बंद कर दिए गए। इससे करीब 250 गांवों की बिजली बंद हो गई। अवर अभियंता अजय यादव ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम पूरा हो गया है। रविवार को टेस्टिंग के बाद बिजली सप्लाई ट्रांसफार्मर से दी जाएगी।