फर्रुखाबाद। जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं और स्टाफ की सुरक्षा राम भरोसे है। रात के समय किसी भी विद्यालय में होमगार्ड ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। कई जगह तो दिन में भी होमगार्ड ड्यूटी पर नहीं जाते हैं।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कमालगंज, राजेपुर, शमसाबाद, राजेपुर और कायमगंज में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। अधिकारी जानकारी न होने की बात कह पल्ला झाड़ रहे हैं। वहीं बा विद्यालय कमालगंज की प्रभारी वार्डन रंजना यादव ने बताया उनके स्कूल में दिन में दो महिला होमगार्ड रोजाना ड्यूटी पर आती हैं, लेकिन अगस्त से रात में कोई भी होमगार्ड नहीं आ रहा हैं।
बा विद्यालय राजेपुर की वार्डन संतोष पाठक ने बताया कि उनके विद्यालय में जुलाई माह से कोई भी होमगार्ड रात में ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। बा विद्यालय शमसाबाद की भावना गंगवार ने बताया कि दिन में तो महिला होमगार्ड आती हैं, लेकिन जुलाई से उनके स्कूल में रात में कोई भी होमगार्ड ड्यूटी पर नहीं आ रहा हैं। इसकी सूचना कई बार विभाग को दी जा चुकी है।
बा विद्यालय कायमगंज की वार्डन अनुराधा मिश्रा ने बताया उनके स्कूल में सितंबर में न तो दिन में महिला होमगार्ड ड्यूटी पर आ रही है और न ही रात में। सत्र के शुरुआत से रात में कोई भी होमगार्ड ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। बा विद्यालय नवाबगंज की रचना शाक्य ने बताया उनके स्कूल में भी रात में कई महीनों से कोई होमगार्ड ड्यूटी पर नहीं है।
क्या बोले अधिकारी
जिले के पांचों कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सुरक्षा की दृष्टि से दिन में महिला होमगार्ड और रात में पुरुष होमगार्ड की ड्यूटी लगाने का प्रावधान है। रात में कई माह से होमगार्ड के ड्यूटी न करने की जानकारी नहीं है। इस बारे में होमगार्ड कमांडेंट से वार्ता की जाएगी। -अनिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं और महिला स्टॉफ होने के नाते उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है। इसके लिए दिन और रात में होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है। कई माह से होमगार्ड के ड्यूटी न क रने की जानकारी नहीं है। जानकारी कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। -त्रिभुवन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक
-किसी भी विद्यालय में रात के समय होमगार्ड ड्यूटी नहीं कर रहे
-अधिकारी बोले नहीं है जानकारी, जांच कराकर दुरुस्त कराई जाएगी व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो