अमृतपुर। गंगा और रामगंगा का जलस्तर घटने से तीसराम मडै़या व अलादपुर भटौली में कटान ने रफ्तार पकड़ी है। लगातार कटान से तीसराम की मडै़या के बाद अब अलादपुर भटौली भी उजड़ना शुरू हो गया है।
यहां कटान तेज देख ग्रामीण अपने मकानों को तोड़ने में जुटे है। वह टूटे मकान के मलवे को ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर दूसरी जगह ले जाकर एकत्र कर रहे है। ताकि कटान के बाद दोबारा टूटी ईंटों के सहारे रहने को आवास बना सके।
गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंद से काफी नीचे आने से तीसराम की मड़ैया में कटान तेज हो गया है। अभी तक हुए कटान के कारण आधे से ज्यादा गांव कट चुके हैं। गांव के लोग परिवार समेत दूसरी जगह पलायन कर चुके है। अब गांव में करीब छह ग्रामीण परिवार के साथ रहते है। वह भी कटान की जद में आने लगे है।
इस कारण वह भयभीत है। वह भी अपने मकानों को तोड़कर दूसरे गांव या रिश्तेदारी में जाने की तैयारी में लगे हैं। रामगंगा का जलस्तर घटने से अलादपुर भटौली में कटान तेज है। तेजी से हो रहे कटान के कारण यह गांव भी उजड़ना शुरू हो गया है। यहां एक दर्जन से अधिक लोग मकानों को तोड़ चुके है।
अब बाकी ग्रामीण भी कटान के कारण मकानों को तोड़ने में जुटे है। वीरपाल, रामदीन ने बताया कि कटान की चपेट में आकर उनका मकान गिर जाएगा। इस कारण वह अपने मकान को खुद तोड़कर मलवे को सुरक्षित स्थान पर रखवा देंगे। इसके अलावा कोलासोता गांव में भी कटान तेज है। गांव में ग्रामीण पालीथिन तानकर गुजर बसर कर रहे है।
कीचड़ होने से आवागमन दूभर
अमृतपुर। गंगा और रामगंगा का जलस्तर घटने से मंझा की मडै़या, हरसिंहपुर कायस्थ, ऊगरपुर, आशा की मड़ैया, कछुआ गाढ़ा, सुंदरपुर, रामप्रसाद नगला, जटपुरा कैलयाई, रामपुर, जोगराजपुर में पानी भरा होने से रास्ते में कीचड़ हो गया है। जिससे रास्तों से आवागमन दूभर हो रहा है।
20-20 सेंटीमीटर जलस्तर घटा
फर्रुखाबाद। गंगा और रामगंगा के जलस्तर मेें 20-20 सेंटीमीटर की कमी हुई है। गंगा का जलस्तर 136.45 से घटकर 136.25 मीटर पर आ गया है। रामगंगा का जलस्तर 136.10 से घटकर 135.90 मीटर पर गया है। नरौरा बांध से गंगा में शनिवार को 41323 क्यूसेक और रामगंगा में खो हरेली रामनगर से 3414 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
-गंगा व रामगंगा का जलस्तर घटने से तीसराम मडै़या के लोग डरे हुए, ग्रामीण मकान तोड़ने में लगे
अमर उजाला ब्यूरो