फर्रुखाबाद। प्रयागराज महाकुंभ में अंतिम स्नान में छह दिन शेष होने के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में इटावा रीजन के सभी डिपो से 150 बसों को रिजर्व में खड़़ा किया है। यह बसें बेला कछार अस्थाई बस अड्डा पर खड़ी कराई गईं। जरूरत होने पर इन बसों को अयोध्या समेत अन्य धर्मस्थलों पर भेजा जाएगा।
स्थानीय डिपो के बेड़े में निगम की 91 और अनुबंधित 28 बसें हैं। निगम की बसों में से 33 बसें स्थाई रूप से प्रयागराज में भेज दी गई हैं। इनमें आठ बसें शटल सेवा में लगाई गईं, जबकि 25 बसें बेला कछार अस्थाई बस अड्डा पर रिजर्व में खड़ी की गई हैं। यही नहीं गुरुवार को दो बसें सवारियां लेकर रवाना की गईं, दो शुक्रवार को भी भेजने के निर्देश मिले हैं।
फिलहाल डिपो के बेड़े में कुल 119 बसों में से मात्र 84 बसें ही बची हैं। यहां बता दें कि इटावा रीजन में आने वाले मैनपुरी, बेवर, छिबरामऊ, सैफई, इटावा आदि डिपो से 150 बसों को रिजर्व में भेजा है। बसों के प्रयागराज चले जाने से दिल्ली, आगरा, लखनऊ, हरदोई, बदायूं, इटावा आदि रूट पर बसों की बड़ी समस्या खड़ी हो गई। यात्रियों को दो-दो घंटे इंतजार के बाद बसें मिल पा रही हैं।
जो बसें बेला कछार अस्थाई बस अड्डा पर भेजी गई हैं, वह बसें वहां खड़ी रहेंगी। जरूरत पड़ने पर उन बसों को अयोध्या, वाराणसी आदि स्थानों पर भेजा जाएगा। स्थानीय बस अड्डा पर जहां की अधिक सवारियां होती हैं, वहां के लिए बसें उपलब्ध करवा दी जाती हैं। - गौैरीशंकर, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी