फर्रुखाबाद। नरौरा बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जलस्तर एक बार फिर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंच गया है।
बुधवार को जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे गंगा किनारे बसे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बांध से 1.20 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
गंगा और रामगंगा में आई बाढ़ का कहर ग्रामीण पिछले एक माह से झेलते आ रहे हैं। पानी उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन अब दोबारा जलस्तर बढ़ने लगा है। बुधवार को नरौरा बांध से 120201 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
इससे गंगा का जलस्तर 136.60 मीटर से बढ़कर 136.65 मीटर पर पहुंच गया। रामगंगा का जलस्तर 135.75 मीटर से पांच सेमी घटकर 135.70 मीटर पर है। खो, हरेली व रामनगर बैराज से 63619 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे रामगंगा के जलस्तर में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
घरों में दोबारा पानी घुसने का डर
निचले इलाकों से बाढ़ का पानी निकल चुका था। ग्रामीण घरों की सफाई में जुटे थे, मगर पानी दोबारा बढ़ने से एक बार फिर घरों में पानी घुसने का डर सताने लगा है। ग्रामीणों ने कहा कि अभी घर पूरी तरह से सूख भी नहीं पाए थे। कई परिवार अपने घरों में लौट नहीं पा रहे हैं। यदि जलस्तर ऐसे ही बढ़ता रहा तो स्थिति फिर से भयावह हो सकती है।
फोटो-29, जूनियर हाईस्कूल दौलतपुर में भरा बाढ़ का पानी। संवाद
फोटो-29, जूनियर हाईस्कूल दौलतपुर में भरा बाढ़ का पानी। संवाद