अयोध्या। कोतवाली क्षेत्र बीकापुर में कार की टक्कर से एक बाइक पर सवार किशोर सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ जाते समय देर रात एक युवक की मौत हो गई। उधर, अन्य सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र बीकापुर में बाइक सवार अनमोल यादव (16) व अमरजीत (20) निवासी पातूपुर, ककरहिया व समरजीत यादव (23) निवासी असकरपुर पूरे भवनी बीकापुर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना कर भाग रही कार को ग्रामीणों ने पीछा करके पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे में घायल तीनों लोगों को ग्रामीणों ने सीएचसी भेजवाया जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से समरजीत को लखनऊ रेफर कर दिया गया जहां ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र पूराकलंदर के पिपरा भवानी के निकट एक ही दिशा में जा रही बाइकें सड़क पार करते समय आपस में टकरा गई। हादसे में घायल पंकज निवासी सरियावां मजरे मेड़यी का पुरवा व चंद्रप्रकाश मिश्र निवासी अमौना बंसी का पुरवा को जिला चिकित्सालय भेजवाया गया। थाना प्रभारी पूरा कलंदर राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार सुबह खजुरहट बाजार में प्रयागराज हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बाबूलाल (23) निवासी जजवारा, थाना हैदरगंज घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी बीकापुर भेजवाया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुक्रवार सुबह ही कोतवाली क्षेत्र के मंहावा गांव निवासी साइकिल सवार भीके (52) ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, शुक्रवार दोपहर तोरोमाफी, दराबगंज बाजार के समीप स्कूटी पलट जाने से तोरोमाफी बीकापुर निवासी दो युवक अजय तिवारी (30) व नीरज दुबे (29) घायल हो गए। दोनों को सीएचसी बीकापुर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।