अयोध्या। योग: कर्मसु कौशलम...अर्थात कर्मों में कुशलता ही योग है। श्रीमद्भागवत गीता में भगवान श्रीकृष्ण के श्रीमुख से निकले श्लोक में योग की विस्तार से व्याख्या की गई है। भारतीय संस्कृति की इस पुरातन परंपरा को आज पूरा विश्व अंगीकार कर चुका है।
योग दिवस पर मंगलवार को सूर्य ने जैसे ही पृथ्वी पर अपनी किरणें बिखेरीं रामनगरी योगोत्सव में लीन हो गई। मुख्य आयोजन अयोध्याधाम के सरयू तट स्थित राम की पैड़ी में हुआ।
जहां मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में एक साथ पांच हजार लोगों ने योग कर, करें योग रहें निरोग..का मंत्र दिया। सरयू तट की राम की पैड़ी पर सूर्योदय होते ही लोग जुटने लगे। यहां पर योगोत्सव के लिए व्यापक तैयारी की गई थी।
योग से पहले मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यावरण, श्रम एवं रोजगार मंत्री भारत सरकार भूपेंद्र यादव ने राम की पैड़ी पर पौधरोपण किया। ठीक सात बजे से योगाभ्यास का दौर शुरू हुआ।
ओम की ध्वनि गूंजते ही सरयू तट की आध्यात्मिकता चरम पर दिखी तो पूरा माहौल ऊर्जावान नजर आया। एलईडी से लाइव प्रसारण के जरिए पीएम मोदी का संदेश लोगों ने सुना।
पतंजलि योग संस्थान की प्रशिक्षिका एवं बहन साध्वी द्वारा अनुलोम, विलोम, प्राणायाम, पदासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन जैसे विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया।
इस कार्यक्रम में उपस्थित पांच हजार लोगों ने एक साथ योग किया। योगाभ्यास में महिला, पुरुष व वृद्ध, संत-धर्माचार्य सहित हर वर्ग के लोग शामिल रहे। योग को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने योग समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या का नाम आते ही योग व संस्कार एवं अध्यात्म की अनुभूति होती है। योग हमारे मन, शरीर एवं विचार को शुद्ध करता है।
अष्टांगिक योग यथा-यम नियम, आसन आदि के नियमों को आगे बढ़ते हुये योग करने वाले व्यक्ति को पूर्ण रूप से तनाव रहित एवं ऊर्जा से भरपूर कर देता है। जो कोई भी योग को अपनाएगा निरोग रहेगा।
राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र संघ में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा गया था।
जिसको संयुक्त राष्ट्र संघ ने स्वीकार किया और फलस्वरूप आज हम सभी लोग 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रहे हैं। पिछले दो वर्षों में कोरोना संक्रमण के चलते योग दिवस पर सामूहिक आयोजन नहीं हो सके था। इस बार एक बार फिर पूरे देश में योगोत्सव की धूम है।
सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि भगवान राम ने अयोध्या के साथ-साथ अपने 14 वर्षीय वनवास काल में सभी को जोड़ा और सभी को योग और आध्यात्म की प्रेरणा दी। योग हमारी संस्कृति का हिस्सा है। पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज एक उत्सव बन गया है।
रामनगरी का सरयू तट पहली बार योगोत्सव के इस भव्य आयोजन का साक्षी बना। योग करने वालों में सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, संयुक्त सचिव पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार जिग्मेट तपका, उत्तर प्रदेश शासन से नामित नोडल अधिकारी आवास आयुक्त अजय चौहान, मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, डीएम नितीश कुमार, आईजी कवींद्र प्रताप सिंह, एसएसपी शैलेश पांडेय, सीडीओ अनीता यादव, नगर आयुक्त विशाल सिंह, केंद्र सरकार के पर्यावरण महानिदेशक सीपी गोयल सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न संस्थाओं के लोग शामिल रहे।
अयोध्या-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राम की पैड़ी में योग के दौरान सभी ने सेल्फी भी ली।-संवाद- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राम की पैड़ी में धून देते आर्मी का बैंड ।-संवाद- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राम की पैड़ी में योग करते अतिथि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र याद- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राम की पैड़ी में सभी वर्गो के लोगों ने जहां योग किया वहीं संत ?- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राम की पैड़ी में योग करातीं योग प्रशिक्षिक।-संवाद- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राम की पैड़ी में योग करते अतिथि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र याद- फोटो : FAIZABAD