अयोध्या। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अयोध्या में भाजपा के कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कानपुर दंगे के सवाल पर कहा कि दंगा करने वालों को सरकार किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगी।
शांति व्यवस्था कायम रखना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रदेश में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जांच करके कठोर कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त प्रदेश है और रहेगा।
उत्तर प्रदेश को कोई दंगा ग्रस्त करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिस किसी ने भी साजिश के तहत शरारत की है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो बूथ हम विधानसभा चुनाव में हार गये थे उसे जीतने का लक्ष्य लेकर चलिए। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से 75 प्लस सांसद भेजना है।
कार्यकर्ताओं से कहा कि चिंता मत करें बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा कीजिए। उस भरोसे के लायक क्या देश में और कोई नेता है। विश्वास वाले युग निर्माता नेता हैं मोदी। ऐसा नेता धरती पर एक बार हुआ है।
कम से कम 25 साल तक दूसरा दल नजर नहीं आएगा। अगर लगातार 25 साल तक भाजपा रहेगी तो जिन कार्यकर्ताओं के मन में आता है कि वह भी किसी सदन तक पहुंचे विधायक बने सांसद बने एमएलसी बने।
आजकल आवेदन देने वालों की संख्या बढ़ गई है। अगर 25 साल तक भाजपा रही तो क्या कोई प्रमुख कार्यकर्ता किसी सदन तक जाने से वंचित रह पाएगा।
सहादतगंज स्थित भाजपा के अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यालय का उद्घाटन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए एक मंदिर की तरह है।
जहां रहकर वह देश-प्रदेश में बीजेपी सरकार को स्थिर रखने का कार्य करेंगे। कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। जनता आज भाजपा के राष्ट्रहित सर्वोपरि के विचारों का समर्थन कर रही है।
यह अत्याधुनिक कार्यालय जनसंवाद का बेहतर माध्यम साबित होगा। उद्घाटन के पहले सामूहिक यहां सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ वैदिक मंत्रों के साथ हवन आहुतियां डाली गईं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष शेषनारायन मिश्रा, सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायकों में रामचंदर यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या शुक्रवार को श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष व मणिरामदास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में भी पहुंचे।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं कि राममंदिर निर्माण के साक्षी बन रहे हैं। राममंदिर निर्माण से कई पीढ़ियों का संघर्ष फलीभूत हो रहा है। मोदी व योगी सरकार के देश के सभी तीर्थ स्थलों का विकास कर रही है।
अयोध्या शीघ्र ही विश्वस्तरीय नगरी के रूप में सभी के सामने होगी। इससे पूर्व उन्होंने महंत नृत्यगोपाल दास का आशीर्वाद लिया। मणिरामदास की छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने डिप्टी सीएम को श्रीराम का चित्र व अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राममंदिर के ट्रस्टी ज.गु. विश्वप्रसन्न तीर्थ भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य सद्कार्य के लिए प्रेरित करता है। हम सबका सपना था कि राममंदिर निर्माण हो जो आज पूरा हो रहा है, हम सभी इसके साक्षी बने हैं, यह गौरवशाली क्षण है।
रामकथा मर्मज्ञ प्रेमभूषण ने इस अवसर पर भक्तों को कथा रस का पान कराया। डिप्टी सीएम केशव मौर्य कारसेवकपुरम भी गये। उन्होंने मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे पुरुषोत्तम नारायण की कुशलक्षेम जानी।
मंच का संचालन महंत डॉ. रामानंद दास ने किया। इस अवसर पर अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, महानगर मंत्री आकाशमणि त्रिपाठी, महंत पुनीत रामदास, महेंद्र दास, विहिप के प्रवक्ता शरद शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम 12 बजे अयोध्या पहुंचे यहां सबसे पहले उन्हें भाजपा के नवीन कार्यालय का उद्घाटन करना था। केशव मौर्य जैसे ही कार्यालय पहुंचे कुछ देर बाद ही अचानक कार्यालय की बिजली गुल हो गई।
करीब तीन मिनट तक सभी को अंधेरे में रहना पड़ा। इसको लेकर बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। पावर कार्पोरेशन के एसडीओ पंकज तिवारी ने मामले में सफाई देते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति हो रही थी।
कार्यालय में लगे पैनल का न्यूट्रल कट गया था जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने भानुदत्त त्रिपाठी मधुरेश द्वारा लिखित राष्ट्रवंदना का विमोचन भी किया। इस दौरान विधायक रामचंद्र यादव, विधायक डॉ.अमित सिंह, शरद शर्मा, महानगर मंत्री आकाशमणि त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे।
अयोध्या-महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में पहुंचकर आशीर्वाद लेते डिप्टी सीएम केशव प्र?- फोटो : FAIZABAD