अयोध्या। रामनगरी के रानोपाली रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार देर रात ट्रेन आने सूचना आने के बाद भी फाटक मैन सोता रहा और क्रॉसिंग खुली रह गई। इस दौरान एक ट्रेन धड़धड़ाती हुई गुजर गई।
देर रात होने से कोई हादसा नहीं हुआ। वहीं इसका वीडियो एक युवक ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि इसकी जानकारी रेल अधिकारियों को इस वीडियो के माध्यम से ही मिली।
फाटक मैन हजारी लाल ने बताया कि उसे ट्रेन आने की सूचना नहीं मिली। बताया कि यह क्रॉसिंग हमेशा बंद रहनी चाहिए लेकिन अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेन जाने के बाद इसे खोल दिया जाता है।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि वीडियो में कौन सी ट्रेन थी व समय का पता नहीं चल रहा है। बताया रात में रेलकर्मी हजारी लाल की ही ड्यूटी थी।
कहा कि क्रॉसिंग खुली रहने की सूचना उस ट्रेन के ड्राइवर व गार्ड द्वारा स्टेशन को दी जाती है। इस पर कार्रवाई की जाती है। लेकिन स्टेशन के इस संदर्भ में कोई सूचना नहीं मिली है। वायरल वीडियो व घटना की जांच की जा रही है।