रामनगरी अयोध्या में बुधवार की सुबह लगभग 10 बजे हनुमानगढ़ी के हरिद्वारी पट्टी से जुड़े जर्जर मंदिर की दीवार गिरने से एक मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि चार मजदूर बाल-बाल बच गए।
हादसा तब हुआ जब मंदिर की मरम्मत के लिए नई दीवार बनाने की कवायद हुई, लेकिन पुरानी दीवार गड्ढा खोदे जाते वक्त ही ढह गई। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़ी क्षेत्र स्थित लाल कोठी इलाके में एक जर्जर मंदिर की मरम्मत का कार्य विगत हफ्तेभर से चल रहा था।
बुधवार को मजदूर नींव की खोदाई कर रहे थे, इसी बीच अचानक पुरानी जर्जर दीवार ढह गई, जिसके नीचे एक मजदूर दब गया। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और श्रीराम अस्पताल पहुंचाया। मगर उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। बताते हैं कि हनुमानगढ़ी के हरिद्वारी पट्टी से जुड़े महंत मुरलीदास के अधिकार क्षेत्र मंदिर आता है। यहां कुल पांच मजदूर कार्यरत थे।
नींव खोदाई के दौरान हुए हादसे में मृत मजदूर की पहचान धर्मेंद्र यादव पुत्र रामकरन यादव (22) निवासी पूराकलंदर थानाक्षेत्र के सिरहिड नरसिंहपुर रानी बाजार के रूप में हुई। काम कर रहे अन्य मजदूर भूपेंद्र सिंह, राधेश्याम गुप्ता, संतराम, अजय समस्त निवासी सरहिड नरसिंहपुर रानी बाजार दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल अरविंद पांडेय ने बताया कि परिवारीजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।