अयोध्या। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में 16 मार्च को सात वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म मामले में पीड़ित बालिका का 164 का बयान वारदात के 22 दिन बाद गुरुवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया है।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में 16 मार्च को सात वर्षीय एक बालिका शाम को खेलते समय लापता हो गई थी। देररात वह खून से लथपथ मिली। उसे राजकीय श्रीराम चिकित्सालय से जिला महिला अस्पताल और फिर वहां से केजीएमयू रेफर कर दिया गया था।
जहां उसका कई दिन तक इलाज चला। पुलिस ने बालिका के पिता के तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके भंडारे में टेंट लगाने आए एक युवक को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
परिजन दो अन्य लोगों के शामिल होने का अंदेशा जता रहे थे, लेकिन पुलिस इससे इंकार कर रही थी और पीड़िता के मजिस्ट्रेटी बयान का इंतजार किया जा रहा था।
विवेचक कोतवाल अयोध्या देवेंद्र पांडेय ने गुरुवार को पीड़िता को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। सीजेएम कुलदीप सिंह ने बयान के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय ज्योत्सना राय के समक्ष भेजा।
जहां उसका बयान दर्ज किया गया। विवेचक के द्वारा बयान का अवलोकन करने के बाद ही वास्तविकता की जानकारी हो सकेगी। कोतवाल अयोध्या देवेंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया है। अभी बयान का अवलोकन नहीं किया गया है।