अयोध्या। रामनगरी को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक मेगा सिटी बनाने के लिए प्रस्तावित प्रवेश द्वार योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। अयोध्या को जोड़ने वाले सभी छह हाईवे पर भव्य प्रवेश द्वार बनेंगे।
यह श्रीराम जन्मभूमि से 10 से 15 किमी. की परिधि में होंगे। इसके लिए प्रत्येक हाईवे पर अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से पांच हेक्टेअर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
सभी निर्धारित छह हाईवे पर 30 हेक्टेअर भूमि का अधिग्रहण होगा। इस भूमि पर भव्य प्रवेश द्वार के साथ श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए यात्री सुविधा केंद्र व पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा।
सभी प्रवेश द्वार रामायणकालीन थीम पर डिजाइन किए गए हैं। यह आधुनिकतम तकनीक के साथ पौराणिक लुक का एहसास कराएंगे। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अयोध्या में प्रवेश मार्गों पर प्रवेश द्वार बनाए जाने हैं।
रामनगरी को पौराणिकता के साथ अत्याधुनिक सिटी के रूप में विकसित किया जाना है। इसके लिए विजन डॉक्यूमेंट के तहत 257 योजनाओं में 34 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
इसमें अयोध्या के सभी प्रवेश मार्गों पर प्रवेश द्वार बनाए जाने की योजना भी शामिल हैं। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अयोध्या में सभी प्रवेश मार्गों पर प्रवेश द्वार बनाए जाने हैं।
योजना के अनुरूप प्रवेश द्वार के निकट यात्री सुविधा केंद्र, पार्किंग स्थल सहित अन्य निर्माण कार्यों को किया जाना है। इसके लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण ने प्रत्येक हाईवे के निकट पांच-पांच हेक्टेअर भूमि का अधिग्रहण किया जाना तय किया गया है।
यह अधिग्रहण लखनऊ हाईवे पर मुमताज व घाटमपुर के पास, रायबरेली हाईवे पर मऊयुदवंशपुर के पास, प्रयागराज हाईवे पर मैनुद्दीनपुर के पास, आजमगढ़ हाईवे पर दशरथ समाधि स्थल के पास, गोंड मार्ग पर कटरा के पास व गोरखपुर मार्ग पर लोलपुर के पास किया जाएगा।
दूसरी ओर चार माह के मंथन के बाद द्वार के लिए लोगो एक्जीवेशन व कंसलटेंट एजेंसी एलईए के सहयोग से अब डिजाइन फाइनल कर लिया गया है।
अयोध्या विकास प्राधिकरण नए वर्ष के आगाज के साथ किसानों से भूमि अधिग्रहित करके निर्माण कार्य शुरू कराएगा। इसमें किसानों को भूमि के सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिया जाना निर्धारित किया गया है।
अयोध्या में विजन डॉक्यूमेंट के तहत 257 योजनाओं को धरातल पर उतारा जाना है। इसमें 50 से अधिक योजनाओं पर कार्य शुरू होने जा रहा है।
इसके लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण ने धरातल पर शुरू हुए विकास कार्यों के लिए सलाहकार नियुक्त किए जाने का निर्णय लिया है। यह सलाहकार निर्माण कार्यों में अपनी सलाह पेश करेंगे।
इसके लिए शिक्षा, इतिहास, पर्यावरण, उद्योग सहित अन्य प्रकार के क्षेत्रों का निर्धारण किया गया है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने देश भर से सलाहकार मांगे थे।
अब तक 12 समूहों व व्यक्तियों ने अपना प्रस्ताव दिया है। जल्द ही अयोध्या विकास प्राधिकरण सलाहकारों की नियुक्ति करेगा।
अयोध्या विकास प्राधिकरण ने विजन डॉक्यूमेंट के तहत प्रस्तावित छह भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य शुरू कराने जा रहा है। इसके लिए सभी छह हाईवे पर निर्धारित पर पांच-पांच हेक्टेअर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। यह पौराणिक लुक के भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।- विशाल सिंह, वीसी अयोध्या विकास प्राधिकरण