अयोध्या। जिले में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में डेंगू से पीड़ित लोगों की भीड़ लगी है। जिला अस्पताल में भी शनिवार को डेंगू से पीड़ित सात मरीज भर्ती किए गए। वहीं, ओपीडी में डेंगू जैसे लक्षणयुक्त मरीजों की भरमार रही जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पिछले चौबीस घंटे में डेंगू के चार और मरीज सामने आए हैं। डेंगू के कुल मरीजों की संख्या अब 341 हो गई है।
ओपीडी के अलावा भर्ती मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। शहर के तमाम निजी व सरकारी अस्पतालों में डेंगू के मरीजों का उपचार हो रहा है। हालांकि, सरकारी आंकड़ों के अनुसार एलाइजा जांच में संक्रमित मिलने वाले मरीजों को डेंगू मरीज माना जा रहा है लेकिन निजी अस्पताल में कार्ड से हुई जांच में ही पुष्टि होने पर उन्हें डेंगू मरीज मानकर इलाज किया जा रहा है।
वहीं, जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए बने रिजर्व वार्ड में सात मरीज भर्ती मिले। इनमें रिकाबगंज निवासी मो. फरहान (23), वीरपुर परशुरामपुर बस्ती निवासी मीरा (27), लोलेपुर कूड़ेभार निवासी कुंदन वर्मा (19), महुलिया इनायतनगर निवासी अजय मधुकर (28), जीआईसी परिसर फतेहगंज निवासी अभिषेक पांडेय, झारखंडी निवासी रितेष सिंह (27) व नियांवा कैंट निवासी इशिता साहू (8) शामिल हैं। इनका उपचार चल रहा है और सभी की हालत में सुधार बताया गया है।