अयोध्या। लंबे समय बाद स्कूलों में सोमवार से आधी छात्र-संख्या के साथ नौ से बारहवीं तक की कक्षाएं चलेंगी। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए नोडल अधिकारियों ने स्कूलों का भौतिक सत्यापन करके रिपोर्ट सौंपी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने इन दिनों संक्रमण शून्य होने पर गाइडलाइन के प्रति गंभीर रहने की नसीहत दी।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते लंबे समय से विद्यालय बंद हैं। सीबीएसई के स्कूलों में ऑनलाइन पद्धति से पढ़ाई हो रही है लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में शिक्षा रामभरोसे ही है। इधर कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से गिरने के कारण सरकार ने 16 अगस्त से नौ से बारहवीं तक की कक्षाएं भौतिक रूप से संचालित करने का आदेश जारी किया गया है।
इसके लिए कोरोना संक्रमण के बचाव के साधनों मॉस्क, सैनिटाइजेशन, दो गज की दूरी आदि का पूर्णतया सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है। इसकी तैयारियों के लिए करीब सप्ताह भर पूर्व से ही अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पिछले सप्ताह भर से ही स्कूलों में हो रही तैयारियां शनिवार को लगभग अंतिम रूप ले चुकी हैं। शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए तहसीलवार नामित नोडल अधिकारियों ने भी भ्रमण करके कोरोना मानकों के प्रति तैयारियों का सत्यापन करते हुए रिपोर्ट भेजी है।
ग्रामोदय इंटर कॉलेज रामपुर सर्धा में प्रधानाचार्य पीएन सिंह सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने के लिए दिन भर सीटिंग प्लान में लगे रहे। उन्होंने बताया कि तीन दिन से लगातार सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। पहली पाली में दसवीं व बारहवीं के पचास प्रतिशत व दूसरी पाली में नौवीं व ग्यारहवीं केे पचास प्रतिशत बच्चों को बुलाया जाएगा। अगले दिन शेष बच्चों को बुलाया जाएगा।
डीआरएम पब्लिक स्कूल फिरोजपुर गंजा में सैनिटाइजेशन व सीटिंग प्लान का काम चल रहा है। प्रधानाचार्या शालिनी द्विवेदी ने बताया कि मुख्यद्वार पर ही हैंडवॉश, थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन किया जाएगा। एक कक्षा में 24 बच्चों को बैठाया जाएगा। तापमान जांचने के बाद ही बच्चों को कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
उदया पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य जीवेंद्र सिंह ने बताया कि कक्षा नौ से बारह तक के आधे बच्चों को पहली पाली में सुबह आठ से बारह बजे तक बुलाया जाएगा जबकि शेष आधे बच्चों को 12:30 बजे से सायंकाल 4:30 बजे तक पढ़ाया जाएगा। गेट पर पांच-छह स्टाफ को थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन के लिए लगाया गया है। सीटिंग प्लान तैयार किया गया है।
शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारियों ने भरत इंटर कॉलेज नंदीग्राम समेत अन्य स्कूलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। स्कूल में सीटों पर गोले बने पाए गए। थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन का पर्याप्त इंतजाम मिला। सोमवार को स्कूल खुलने पर भी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. अजय राजा ने बताया कि इस समय जिले में कोरोना संक्रमण शून्य हो गया है लेकिन लापरवाही कत्तई ठीक नहीं है। इसे लेकर अभिभावक व विद्यालय प्रबंधन को भी सचेत रहने की जरूरत है। कोरोना मानकों को ध्यान में रखते हुए ही बच्चे स्कूल जाएं तो बेहतर होगा।
डीआईओएस राकेश पांडेय ने बताया कि सोमवार से स्कूल खोलने को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। बच्चे मॉस्क पहनकर आएं, दो गज की दूरी का विशेष ध्यान रखें, लंच शेयर न करें, हैंडवॉश व सैनिटाइजर आदि का उपयोग करें। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए स्कूल प्रबंधन को भी निर्देशित किया गया है। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई भी की जाएगी।