अयोध्या। विधानसभा चुनाव में मतदान करने पहुंचे बुुजुर्ग मतदाताओं के जज्बे को सभी ने सलाम किया। कोई गोदी में आया तो कोई ठेले पर बैठकर आया, कोई लाठी के सहारे खुद ही मतदान केंद्र पहुंच गया। मतदान करने में दिव्यांग व बीमार मतदाता भी पीछे नहीं रहे।
रुदौली विधानसभा क्षेत्र के काशीपुर निवासी राजकली मिश्रा 102 पोते हनुमान की स्कूटी पर बैठकर मतदान केंद्र पहुंची। वहीं, बीकापुर के बल्लीपुर ग्राम सभा में बने मतदान केंद्र पर गौरी देवी 101 पत्नी हरिशंकर तिवारी ने मतदान करने के बाद खुशी जाहिर की।
अयोध्या के मनोहर लाल इंटर कॉलेज पर सुबह सात बजे ही बुजुर्ग रामकृष्ण (80) व पुष्पा (74) परिवार की एक बच्ची के सहारे मतदान करने पहुंचे और लोकतंत्र के प्रति अपना फर्ज निभाया। मिल्कीपुर के घुरेहटा पोलिंग स्टेशन पर बुजुर्ग व बीमार अपने परिवार के दो सदस्यों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे।
महाराजा इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर बुजुर्ग रामसूरत यादव (85) अपने पोते ओकाश व उसके एक साथी की गोद में बैठकर मतदान केंद्र पहुंचे।
साहबदीन सीताराम इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर बुजुर्ग हरिशंकर सिंह (93), कमला सिंह (85) व ईशा देवी (85) व्हील चेयर पर बैठकर पहुंचे। मतदान करने के बाद उनके चेहरे पर खुशी छा गई।
कटरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में सुशीला (92) ने मतदान करने के बाद लोगों को अपनी अंगुली में लगी स्याही दिखाकर उनको मतदान के लिए प्रेरित किया।
तारुन क्षेत्र के पिछौरा गांव में बने मतदान केंद्र पर कोयला देवी (78) लाठी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं। शिव कुमारी (86) अपने नाती की गोद में बैठकर मतदान करने पहुंची।
रुदौली विधानसभा के एक मतदान केंद्र पर करीब 95 वर्षीय एक महिला ठेले पर बैठकर मतदान करने पहुंची। यहां तैनात अर्धसैनिक बल के एक जवान में उन्हें सहारा देकर बूथ पर पहुंचाया।
रामबाड़ी संस्कृत महाविद्यालय पर बने मतदान केंद्र पर बुजुर्ग संकरा व शंभू देवी ठेले पर बैठकर मतदान करने पहुंची। बीकापुर के भारती इंटर कॉलेज पर बने मतदान केंद्र पर बुुजुर्ग शांति देवी (85) अपने पति सूकन (90) के सहारे मतदान केंद्र पहुंची।
मिल्कीपुर के तुलापुर मतदान केंद्र पर कृष्णावती (88) अपने पोते के सहारे मतदान करने पहुंची। मिल्कीपुर के आदिलपुर मतदान केंद्र पर गुलाबो देवी (85), गोकुला मतदान केंद्र पर गंगा बक्श सिंह (90) व मूलचंद्र (92) भी अपनी परिवारवालों के सहारे मतदान करने पहुंचे।
102 वर्षीय राजकली मिश्रा।-संवाद- फोटो : FAIZABAD
साहबगंज स्थित सीताराम साहबदीन पर बनाये गये मतदान स्थल पर मतदान कर बाहर आते हरीशंकर सिंह उम्र 93 वर?- फोटो : FAIZABAD