जानाबाजार। स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में शामिल रहे बाबा लंगड़ दास स्मारक मेले का आयोजन हुआ। इसमें आयोजित तीन किलोमीटर लंबी रेस स्वाधीनता दौड़ में रत्नेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जाना बाजार के ककरहिया गांव में आयोजित मेले में स्वाधीनता दौड़ विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जाना बाजार के फुलअरदास की समाधि से बाबा लंगड़ दास की समाधि तक तीन किलोमीटर दौड़ हुई। इसमें 15 धावकों ने प्रतिभाग किया। इसमें रत्नेश कुमार को प्रथम, राम करण पाल को द्वितीय, शिवम निषाद को तृतीय, अंकित कुमार को चौथा, खुर्शीद को पांचवां, सतीश तिवारी को छठवां व अंशु सिंह को सातवां स्थान मिला।
धावकों को मुख्य अतिथि सेना के पूर्व हवलदार भोला नाथ यादव, विशिष्ट अतिथियों जिपं सदस्य रामस्वरूप फैजाबादी, दरोगा टीके आजाद आदि ने पुरस्कृत और सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला समिति के अध्यक्ष चिंतामणि सिंह व संचालन संयोजक शेर बहादुर शेर ने किया। इस दौरान राजकुमारी वर्मा, प्रवक्ता जेपी सिंह, प्रधान अशोक कुमार वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्यगण पवन कुमार भारती व शिव कुमार सिंह मौजूद रहे।