फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज जन्मेंगे रघुनंदन

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। परमसत्ता रघुनंदन के जन्मोत्सव का महापर्व रविवार को है। अयोध्या राममय हो चुकी है तो अयोध्यावासी निहाल हैं, चहुंओर उल्लास है। योग लगन ग्रहवार तिथि सकल भए अनुकूल, चर अरु अचर हर्ष युत राम जनम सुख मूल... रामजन्म का प्रसंग निरूपित करती श्रीरामचरितमानस की यह पंक्ति रामजन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर साकार होती दिखी। रामजन्मभूमि से लेकर सरयू तट तक की भव्यता देखते ही बन रही है। रामनगरी की परिधि में अब तक करीब पांच लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, सबके चेहरे पर रामजन्मोत्सव की शुभ घड़ी की प्रतीक्षा का उल्लास झलक रहा है। मंदिरों में गीत-संगीत एवं आध्यात्म की त्रिवेणी प्रवाहमान है।
विज्ञापन

रामजन्मोत्सव की पूर्व संध्या से ही नगरी श्रीरामजन्मोत्सव को लेकर उत्सव के रंग में डूब गई है। पर्व पर आराध्य के दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से लाखों भक्तों की भीड़ जुट गई है। अयोध्या पहुंचे भक्तों ने सबसे पहले पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाई उसके बाद भक्तों का काफिला मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए निकल पड़ा। शनिवार होने के नाते सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में भक्तों का रेला लगा रहा।
वहीं रामलला के दरबार में भी भक्तों की लंबी कतार रही। शाम होते ही पूरी रामनगरी रामजन्मोत्सव के उल्लास में भव्य सजावट से जगमग हो उठी। विभिन्न चौक-चौराहों पर जहां एलईडी पर श्रद्धालु राममंदिर निर्माण की भव्यता से भक्त रू-ब-रू होते रहे तो वहीं जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई अस्थाई एलईडी पर रामायण का प्रसारण पूरे माहौल को राममय बना रहा है।
विज्ञापन

इसके अलावा पहली बार आठ स्थानों पर सांस्कृतिक मंच भी सजाए गये हैं। भजन संध्या स्थल में सांस्कृतिक कार्यक्रम व मैजिक शो देखकर भक्त आनंदित व रोमांचित होते रहे। सरयू तट से लेकर राम की पैड़ी व तुलसी उद्यान की भव्यता भक्तों को निहाल कर रही है तो वहीं भक्तों में रामलला के दर्शन के साथ-साथ राममंदिर निर्माण कार्य का साक्षी बनने की भी उत्सुकता दिखी। सायंकाल होने वाली सरयू आरती की भव्यता भी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है। पूरी अयोध्या में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। जगह-जगह बैरियर गिराकर भीड़ नियंत्रण के लिए अयोध्या में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। आला अधिकारी स्वयं मेला कंट्रोल रूम में कैंप किए हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें