अयोध्या। विश्व पर्यावरण दिवस पर रविवार को जिले की 794 ग्राम पंचायतों में करीब 2350 हरिशंकरी पौधे (पीपल, पाकड़ व बरगद) का रोपण किया गया।
अवध विवि के माइक्रोबायोलॉजी विभाग, पर्यावरण विभाग तथा बायोकेमिस्ट्री विभाग के संयुक्त संयोजन में रविवार को राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। नरेंद्र देव कृषि विवि में हरिशंकरी वाटिका की स्थापना की गई।
जिले के सभी सरकारी, अर्ध सरकारी संस्थान, स्कूल-कॉलेेेजों में पौधरोपण हुआ। अवध विवि में वेबिनार को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लखनऊ विश्वविद्यालय के जियोलॉजी विभाग के प्रो. ध्रुवसेन सिंह ने कहा कि हमारे जीवन में नदियां एवं वृक्षों की महती भूमिका है।
हमें इन प्राकृतिक संसाधनों को बचाएं रखने के लिए उचित देखभाल करनी होगी। कहा कि ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन से पृथ्वी का तापमान बढ़ा है। इसके दुष्परिणामों से बचाव पर ध्यान देना होगा।
पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो जीवन भी है। इसके न रहने से जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। अध्यक्षता करते हुए मुख्य नियंता प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि पर्यावरण दिवस सिर्फ संगोष्ठियों एवं कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए।
इसे धरातल पर भी दिखना चाहिए। तभी हम सभी पृथ्वी को सुरक्षित कर सकते है। वेबिनार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकायाध्यक्ष प्रो सीके मिश्रा, इंस्टीट्यूट ऑफ अर्थ एंड एनवायरमेंट साइंस के निदेशक प्रो. जसवंत सिंह ने भी संबोधित किया।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज में पौधरोपण का वृहद आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के खेलकूद मैदान पर हरिशंकरी (शिवशंकरी) वाटिका की स्थापना की गई।
हरिशंकरी पौधों का विधिवत पूजन पाठ कर रोपण किया गया। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि वायु प्रदूषण तो केवल पर्यावरणीय मुद्दा है। जल, जंगल ,जमीन ,जानवर, और जन के बीच का रिश्ता और संतुलन बिगड़ना ही पर्यावरण संकट है।
इन सब का आपस में सामंजस्य बनाए रखना बहुत ही आवश्यक है। हरिशंकरी वृक्ष के महत्व के बारे में डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि पीपल, बरगद एवं पाकड के पौधों को एक ही गड्ढे में एक साथ लगाया जाता है।
इसके महत्व का पौराणिक काल में विवरण है। इस सम्मिलित रोपण को हरिशंकरी कहते हैं। नवीन मंडी स्थित 63 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया।
कमांडेंट छोटेलाल, द्वितीय कमान अधिकारी सरकार राजा रमन द्वारा 63 बटालियन के न्यू बटालियन कैम्पिंग साइट, चॉदपुर, हरबंशपुर में पौधरोपण किया गया। कमांडेंट ने कहा कि विकास के साथ दुनिया भर में पर्यावरण को नुकसान भी पहुंचाया जा रहा है।
वन और जंगल नष्ट किये जा रहे है। नदी और झरनों का रुख बदला जा रहा है, जिसकी वजह से पूरी दुनिया में प्रदूषण का लेवल बढ़ रहा है। इसको बचाने के लिए सभी को आगे आना होना।
जिला कारागार में जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्रा ने पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते खतरे को कम करने व पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाना चाहिए।
वहीं, उप्र प्रदूषक नियंत्रक बोर्ड के कार्यालय में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें सहायक पर्यावरण अभियंता ओम प्रकाश ने सभी को शुभ कार्यों पर पौधरोपण कर उसके वृक्ष बनने तक देखभाल करने की अपील की।
इस मौके पर नवनाथ मिश्र, गौतम घोष, प्रशांत शुक्ला, अजय सिंह आदि मौजूद रहे। हनुमतनगर प्रतिनिधि के अनुसार पूराबाजार की ग्राम पंचायत रामपुर सरधा में पीपल, पाकड़, बरगद के पौधों का रोपण किया गया।
ग्राम प्रधान रामपुर सरधा हेमलता सिंह ने गांव के कई प्रमुख स्थानों पर पौधरोपण किया। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी कोमल मिश्रा, नेहा गुप्ता, नितिन सिंह, जितेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।
मवई प्रतिनिधि के अनुसार मवई ब्लॉक की ग्राम पंचायत अशरफपुर गंगरेला, पचलो, कुसहरी, रानीमऊ, नगरा, पटरंगा, मखदुमपुर, दुल्लापुर आदि ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारी राजन कुमार व लाल जी चौरसिया के नेतृत्व में हरिशंकरी वाटिका की स्थापना की गई।
इस मौके पर अशरफपुर गंगरेला के प्रधान महेश प्रसाद, कुशहरी के पिंटू वर्मा, पटरंगा के दिलीप वर्मा, रानीमऊ के सुनील मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे।
सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक के गौरा ब्रह्मनान ग्राम सभा के त्रिलोदकी गंगा के किनारे वृहद पौधरोपण किया गया। बीकापुर के विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने सभी से एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने व अनावश्यक पेड़ों के न काटने की अपील की।
तारुन प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के 97 ग्राम पंचायतों में 294 हरिशंकरी पौधे रोपित किए गए। सहायक विकास अधिकारी पंचायत उमाशंकर सिंह ने कहा की मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन अत्यंत आवश्यक है।
इन पौधों से ऑक्सीजन के साथ-साथ पक्षियों को खाने के लिए भी पर्याप्त मात्रा में फल मिल जाते हैं। इस अवसर एडीओ कोऑपरेटिव अमित सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी अरविंद वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
खंडासा प्रतिनिधि के अनुसार भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने अमानीगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत में वृक्षारोपण किया गया। रानी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड मसौधा के माधव सर्वोदय महाविद्यालय मोकलपुर रानीबाजार विद्यालय प्रांगण में विद्यालय प्रबंधक माधव प्रसाद पाठक ने पौधरोपण किया, साथ ही पर्यावरण रक्षा के लिए शपथ दिलाई।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के 210 ग्राम पंचायतों में हरिशंकरी पौध का रोपण किया गया। वन क्षेत्राधिकारी कुमारगंज आरपी सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र के पाराधमथुआ, सिधौना, महर्षि बामदेव, गोकुला, परसपुर सथरा, डीलीगिरधर, मिल्कीपुर, रेवना समेत 210 ग्राम पंचायतों में हरिशंकरी के पौधे लगाए गए।
साथ ही तहसील क्षेत्र के सरकारी, अर्द्ध सरकारी संस्थानों में भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तहसील क्षेत्र के राष्ट्रीय विद्यापीठ इंटर कॉलेज पिठला प्रांगण में विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश मिश्रा व प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी कुमारगंज आरपी सिंह ने हरिशंकरी का पौध रोपित किया।
महाराजा इंटर कॉलेज अयोध्या के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों व स्काउट ने पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अपने-अपने घरों पर अपने परिजनों, रिश्तेदारों व पड़ोसियों के साथ मिलकर पर्यावरण दिवस मनाया।
लगभग 75 एनसीसी कैडेट्स व 15 स्काउट्स ने अपने माता-पिता, भाई-बहन, अड़ोस-पड़ोस के लोगों के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर पर्यावरण दिवस मनाया व लोगों को जागरूक भी किया। ग्राम सभा सराय रासी में अमृत सरोवर तट पर पौधरोपण किया गया। इस दौरान रेंजर डीके सिंह, उमेश्वर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।