भेलसर। कोरोना संक्रमण के कारण बंद चल रही नगर के मोहल्ला कजियाना वार्ड में लगने वाली साप्ताहिक सट्टी बाजार को एसडीएम ने सोमवार से खोलने की अनुमति दे दी है। अब यह बाजार कोविड नियमों का पालन करते हुए पुन: लगेगी। कोरोना संक्रमण कम होते ही साप्ताहिक सट्टी बाजार को पुन: खोलने की मांग उठने लगी थी। बीती 15 जून को सभासद आशीष वैश्य ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को पत्र देकर सट्टी बाजार को दोबारा लगवाने की मांग की थी। मंगलवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, ख्वाजाहाल के सभासद इरफ़ान खान ने सट्टी बाजार को पुन: चालू कराने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी को मांग पत्र दिया था।
सभासद व कांग्रेस नेता ने अपने मांगपत्र के माध्यम से आश्वस्त कराया है कि सभी दुकानदारों द्वारा कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। किसी भी दुकान पर भीड़ नहीं लगने दी जाएगी। इसके साथ एक समय में दो से अधिक ग्राहक आने पर व प्रत्येक दुकानदार बिना मास्क लगाए। बिना मास्क लगाए किसी भी ग्राहक को सामान नहीं दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर सभी ग्राहकों को नि:शुल्क मास्क दिया जाएगा। इसके अलावा सभी दुकानों पर हाथ धोने व सैनिटाइजर की नि:शुल्क व्यवस्था भी कराई जाएगी।
बता दें कि कोरोना काल के दौरान में नगर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते विगत 12 अप्रैल 2021 को नगर में लगने वाली साप्ताहिक सट्टी बाजार को प्रशासन द्वारा संक्रमण थमने तक के लिए बंद करा दिया था। एसडीएम विपिन सिंह ने बताया कि सभासदों की मांग पर साप्ताहिक सट्टी बाजार को सोमवार से पुन: लगाने के लिए शर्तों के साथ अनुमति दी गई है। बाजार में बिना मास्क के लोगों पर कार्रवाई भी की जा सकती है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को निर्देश जारी किया गया है।