अयोध्या। श्रम विभाग की ओर से मंडलभर की श्रमिक बेटियों का 26 नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज अयोध्या में वृहद सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए अमर उजाला ने अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत मंडल के पांचों जिलों से कुल 4000 श्रमिक बेटियों की शादी का लक्ष्य पूरा करने के लिए अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी और अंबेडकरनगर में श्रम कार्यालयों पर पंजीकरण शिविर का आयोजन 9 नवंबर को किया है।
उपश्रमायुक्त अनुराग मिश्र ने बताया कि वृहद सामूहिक विवाह समारोह में अमर उजाला फाउंडेशन बेटियों को जागरूक करने के अपने दायित्व के तहत अधिकाधिक पंजीकरण के लिए सहयोग कर रहा है। इस अभियान से श्रमिक बेटियों व उनके अभिभावकों की ओर से मंडल के सभी जिलों में लगातार संपर्क किए जा रहे हैं। अमर उजाला की ओर से 9 नवंबर को आयोजित पंजीकरण शिविर में अधिकाधिक लक्ष्य प्राप्त होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि उप्र भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत अयोध्या मंडल में पंजीकृत चार लाख 95 हजार 600 श्रमिक (अयोध्या में 1,33,555, बाराबंकी में 1,08,806, सुल्तानपुर में 1,03,248, अमेठी में 72,360 और अंबेडकरनगर में 77635) हैं। इसमें शादी योग्य कन्याओं के लिए ऑनलाइन और ऑफ लाइन पंजीकरण होना है।
अयोध्या से एक हजार, बाराबंकी से 700, सुल्तानपुर से एक हजार, अमेठी से 700 और अंबेडकरनगर से 600 बेटियों की शादी का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि श्रमिक वधू को पंजीयन पर 10 हजार रुपये और विवाह संपन्न होने पर 65 हजार रुपये की धनराशि उनके खाते में दी जाएगी। यह किसी भी सरकारी सामूहिक विवाह योजना में सबसे अधिक रकम है। सामूहिक विवाह में टेंट, धार्मिक अनुष्ठान, भोजन व अन्य व्यवस्था के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है।
अयोध्या में यहां कराएं पंजीकरण- उपश्रमायुक्त कार्यालय, खपराडीह, सिविल लाइन, फैजाबाद, अयोध्या।
पंजीकरण में असुविधा हो तो यहां संपर्क करें- उप श्रमायुक्त- 9634837550, अमर उजाला-8392946279
श्रमिक बेटियों की श्रम विभाग की योजनानुसार 26 नवंबर को जीआईसी अयोध्या में आयोजित वृहद सामूहिक विवाह समारोह के लिए जागरूकता शिविर और बेटियों के अधिकाधिक पंजीकरण का अभियान चलाने के लिए अमर उजाला का प्रयास बेहद सराहनीय है। हम सब परिणय संस्कार की पावन बेला का साक्षी बनने के साथ कन्यादान करने के लिए उत्सुक है।- एमपी अग्रवाल, मंडलायुक्त