अयोध्या। थाना क्षेत्र पूराकलंदर के विकास यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी लल्लन निषाद ने शनिवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। दो आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं।
अधिवक्ता अजय वर्मा ने बताया कि घटना सात जून की है। कोतवाली क्षेत्र अयोध्या के रामपुर हलवारा निवासी विकास यादव निमंत्रण में जाने की बात बताकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। दूसरे दिन उसकी लाश पूराकलंदर थाना क्षेत्र के अंजना गांव स्थित गन्ने के खेत से मिली।
बाद में पता चला कि अंजना गांव की ही किशोरी से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो आरोपियों को पुलिस ने किशोरी के बयान पर पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी लल्लन निषाद ने शनिवार को आत्मसमर्पण करके जेल की राह पकड़ ली।