अयोध्या। शत-प्रतिशत के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान में शनिवार को जीआईसी अयोध्या के मैदान पर जनपद के कई विद्यालयों के करीब 700 बच्चों व अध्यापकों द्वारा मानव शृंखला बनाई गई। इसका शुभारंभ मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, डीएम नितीश कुमार, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त विशाल सिंह व सीडीओ मुख्य विकास अधिकारी अनिता यादव द्वारा किया गया।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिस हर्षोल्लास के साथ मतदाता जागरूकता के इस मानव शृंखला में भाग लिया है, उसी उत्साह एवं हर्ष के साथ सभी प्रतिभागी अपने घर, आसपास के क्षेत्रों के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक प्रतिभागी अपने आसपास के ऐसे 10-10 मतदाता जिन्होंने विगत चुनाव में मतदान न किया हो, को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह हमारे कर्तव्य निर्वहन करने की घड़ी है। अत: सभी मतदाता पूर्ण रूप से निष्पक्ष होकर बिना किसी लोभ, लालच व दबाव के अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। एसएसपी ने कहा कि कार्यक्रम के उद्देश्य के अनुरूप कोई भी मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से मतदान को सुनिश्चित कराने के लिए कटिबद्ध है। आप के साथ ही किसी स्थान पर यदि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होता है तो तत्काल सूचना दें जिस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि सभी स्कूलों में रैली, स्लोगन, रंगोली व पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं।