अयोध्या। नगर निगम अयोध्या में पैसा लेकर हाजिरी लगाए जाने के प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। वीडियो वायरल करने वाले सफाई कर्मचारी राकेश वाल्मीकि ने सफाई नायक विनय बाघमार से समझौता कर लिया है। समझौते में सफाई कर्मचारी की ओर से इलाज का पैसा सफाई नायक को वापस किए जाने की बात कही गई है, जबकि वायरल वीडियो में स्पष्ट है कि हाजिरी लगाने के नाम पर ही धनराशि ली जा रही है।
मंगलवार को नगर निगम के सफाई नायक विनय बाघमार द्वारा सफाई कर्मचारी की हाजिरी लगाने के लिए पैसे लेते एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक दिन हाजिरी लगाने के लिए तीन से पांच सौ रुपये प्रतिदिन लिए जाने की ऑडियो भी थी। साथ ही वीडियो में तीन हजार रुपये नगद देते हुए दिखाया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद नगर आयुक्त ने मामले की जांच के आदेश अपर नगर आयुक्त को दिया है। मौजूदा समय में जांच चल रही है।
वहीं, गुरुवार को मामले में नया मोड़ आ गया है। वीडियो वायरल करने वाले ने सफाई कर्मचारी ने अचानक सफाई नायक से समझौता कर लिया है। समझौते में सफाई नायक की ओर से बताया गया है कि वह इलाज के दौरान छह हजार रुपये सफाई नायक से लिए थे, और वीडियो में उसी को वापस कर रहे हैं। वीडियो में स्पष्ट रूप से हाजिरी के नाम पर पैसे लिए जाने की बात कही गई है। ऐसे में समझौते पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। समझौते में सफाई कर्मचारी व सफाई नायक ने इतना अवश्य कबूल किया है कि भविष्य में इस प्रकार की गलती नहीं होगी। समझौते का प्रपत्र नगर आयुक्त व अपर आयुक्त को भी सौंपा गया है। अब आगे की कार्रवाई नगर निगम प्रशासन के फैसले पर अटकी गई है।