अयोध्या। डीएम नितीश कुमार ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर रूदौली तहसील में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कहा कि सुनिश्चित किया जाय कि तालाब, खलिहान, खाद गड्ढा व पशुचर आदि सुरक्षित/सार्वजनिक भूमि पर कब्जे न हों। लेखपाल अवैध कब्जों को हटवाने की कार्रवाई करें। वहीं मिल्कीपुर में एक घंटे में वरासत दर्ज कराई गई।
रुदौली प्रतिनिधि के मुताबिक रोहित मिश्रा निवासी ग्राम अजरका ने गांव की पशुचर भूमि व तालाब भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। डीएम ने लेखपाल को तत्काल मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाने के लिए कहा। भेलसर प्रतिनिधि के मुताबिक रुदौली नगर पालिका अध्यक्ष जब्बार अली ने डीएम को पत्र देकर कहा कि रुदौली नगर में पीडब्ल्यूडी द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के लिए कहीं आठ तो कहीं 10, तो कहीं 12 मीटर पर लाल निशान लगाया गया है जो एक समान नहीं है।
तोड़े जाने की नौ जून तारीख निश्चित की गई है। कहा कि नोटिस देकर एक माह का समय दिया जाए जिससे वे लगाए गए लाल निशान तक अतिक्रमण हटा सकें। समस्या का समाधान करने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को निर्देश दिया गया। इस दौरान कुल 318 मामले आए जिनमें से आठ का निस्तारण किया गया।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक समाधान दिवस में आईजी केपी सिंह व एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुमारगंज थाना क्षेत्र के बवां गांव के त्रिभुवन यादव ने शिकायत की कि भूमि की नाप के लिए प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन लेखपाल नहीं गए। मीना पत्नी चंद्रभान की शिकायत थी कि पति चंद्रभान अंडा की दुकान किए हुए हैं। 24 मई की रात उन्हें जबरिया अंडा न खिलाने पर मारा पीटा गया। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
घाटमपुर की श्यामकली की शिकायत थी कि पुश्तैनी भूमि का वरासत होते समय उसके बच्चों का नाम तो खसरा खतौनी में चढ़ गया था लेकिन उसका नाम छूट गया जो कि अभी तक ठीक नहीं हुआ। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल खतौनी में नाम दर्ज करने का निर्देश दिया। खतौनी में नाम दर्ज होने के बाद श्यामकली को एडीएम प्रशासन ने समाधान दिवस खत्म होने पर करीब एक घंटे में अपने हाथ से खतौनी की नकल प्रदान की। दिवस में कुल 209 प्रार्थना शिकायर्तें आइं। इनमें से नौ का मौके पर निस्तारण किया गया।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील सभागार में एडीएम वित्त एवं राजस्व महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित दिवस में कुल 199 शिकायतें आई। इनमें से 16 का निस्तारण मौके पर किया गया। सोहावल प्रतिनिधि के मुताबिक सीडीओ अनीता यादव की अध्यक्षता में आयोजित दिवस में 126 शिकायतें आई। इनमें से दो का निस्तारण किया गया।