अयोध्या/रौजागांव। कायाकल्प योजना के तहत बीते वर्ष हुए आकलन में मानकों पर खरा उतरने पर जिले की सात अतिरिक्त पीएचसी को कायाकल्प अवार्ड मिला है। इनमें जिले में प्रथम स्थान पर रहे अतिरिक्त पीएचसी शुजागंज को दो लाख व अन्य छह पीएचसी को पचास-पचास हजार की प्रोत्साहन राशि मिली है। सीएमओ ने संबंधित पीएचसी के प्रभारियों को बेहतर परिणाम मिलने पर बधाई दी है।
सरकारी अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग के सभी मापदंडों पर तैयार करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों का विभिन्न चरणों में आंकलन कराया जाता है। वर्ष 2020-21 में भी जिले के अन्य अस्पतालों के साथ अतिरिक्त पीएचसी का भी आंकलन कराया गया था। जिसका परिणाम घोषित हुआ अतिरिक्त पीएचसी शुजागंज को जिले में प्रथम स्थान मिला।
पीएचसी कुमारगंज, मुबारकगंज, चौरे बाजार, मड़ना, खड़भड़िया व ऐहार को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया है। रौजागांव प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुजागंज के प्रभारी डॉ. केएम मिश्र व डॉ अखिलेश कुमार ने कायाकल्प आवार्ड मिलने पर ख़ुशी व्यक्त की और बताया कि यह सीएमओ डॉ अजय राजा व सीएचसी रुदौली अधीक्षक डॉ पीके गुप्ता के कुशल नेतृत्व व स्टॉफ की मेहनत का परिणाम है, जिससे विभिन्न मानक पर पीएचसी खरी पाई गई।