अयोध्या। मौसम ने बुधवार देर शाम अचानक करवट ली और तेज बारिश, हवा के साथ हुई ओलावृष्टि हुई। इससे जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली वहीं खड़ी फसलों को नुकसान हुआ।
ग्रामीण इलाकों में कई जगह बेमौसम बरसात भी हुई। रामनगरी में भी गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हुई। रामनगरी में बुधवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। कहीं-कहीं ओले भी गिरे।
शहरी क्षेत्र में भी बूंदाबांदी हुई। बेमौसम हुई बरसात वाला दृष्टि से ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को काफी नुकसान हुआ है। विकास खंड मवई क्षेत्र में तेज आंधी के साथ हुई बारिश व ओले गिरने से फसल प्रभावित हुई है।
बेमौसम बरसात ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। रुदौली में भी तेज बरसात के साथ ओले पड़े। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। ओले और बरसात से आम की फसल और तिलहनी फसलों को नुकसान होने की संभावना बढ़ गई है।
विकास खंड मवई क्षेत्र में भी हुई बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। बेमौसम बरसात व ओले गिरने से क्षेत्र के किसानों की तैयार फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
सरसों, गेहूँ, चना, मटर व आलू की फसल को भी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के पटरंगा, सुल्तान पुर,चकपुरवा, अशरफपुर गंगरेला, रानीमऊ, नूरपुर, मखदुमपुर ,पचलो ,दुल्ला पुर सहित अन्य गांवों में ओले व बारिश हुई हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी 14 मार्च तक मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को जहां मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 12,13 व 14 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बदली छाई रहने एवं 13 मार्च को अयोध्या, सुल्तानपुर, रायबरेली व बाराबंकी में कहीं-कहीं हल्की बारिश भी होने की संभावना है। हवा के सामान्य गति से मुख्यत: पूर्वी चलने के आसार है।