अयोध्या। प्रदेश के सभी शहरों में 24 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली की आपूर्ति होनी चाहिए। इसमें किसी भी तरह की दिक्कत हो तो मुझे और मेरे कार्यालय को इस बारे में जानकारी दें। यह कहना है प्रदेश के नगर विकास और ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा का।
ऊर्जा मंत्री मंगलवार को प्रथम शतरंज ओलंपियाड की मशाल के स्वागत कार्यक्रम में अयोध्या पहुंचे थे। मशाल रैली के बाद उन्होंने सर्किट हाउस में नगर निगम, पावर कॉर्पोरेशन और जल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कहा रामनगरी में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति में कोई कोताही नहीं दिखनी चाहिए।
इसमें बिजली संकट के बारे में ध्यान आकृष्ट कराने पर उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में तय घंटों के मुताबिक बिजली मिलनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि पहली बरसात में ही अयोध्या समेत कई शहरों में नाले उफनाने की समस्या देखने को मिली है।
इसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पीने के पानी को लेकर भी समुचित इंतजाम करने के लिए निर्देश दिए। नगर निगम क्षेत्र एवं उसके बाहर सभी को समुचित रूप से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराएं।
बैठक में मंडलायुक्त नवदीव रिणवा, डीआईजी एपी सिंह, डीएम नितिश कुमार, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त विशाल सिंह, सीडीओ अनीता यादव, अपर नगर आयुक्त सच्चिदानन्द सिंह, उप निदेशक सूचना डॉ. मुरलीधर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।