वारदात की सूचना पाकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय रात में ही मौके पर पहुंचे। पांचों मृतक का शव कब्जे में लेकर पंचायत नामा कराने के उपरांत पोस्टमार्टम हेतु भेजा। एडीजी जोन एसएन साबत व आईजी जोन डॉ. संजीव गुप्ता ने भी रविवार सुबह मौके पर पहुंचकर जांच की। एडीजी ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि मृतक के ससुर भगवानदीन निवासी गौरा थाना तारुन की तहरीर पर मुख्य आरोपी पवन कुमार, उसके पिता रामराज, मां शेषमता व पत्नी ममता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पिता, मां व पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच, एसओजी समेत पांच टीमें लगाई गई थीं। इनमें एक पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में रविवार को दिल्ली के लिए भी रवाना हुई।
वहीं, रविवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी पवन को कुचेरा बाजार के पास स्थित जंगल में घेर लिया। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके दोनों पैर में पुलिस की गोली लगी है। आरोपी पवन ने भी फायरिंग की थी। जिसमें सिपाही राज बहादुर यादव के पैर में गोली लगी है। बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गांव में एहितयात फोर्स तैनात कर दी गई है।
पोस्टमार्टम में देरी पर भड़के भाजपा विधायक
इनायतनगर थाने के बरुआ निसारु गांव में हुई पांच लोगों की निर्मम हत्या के मामले में सुबह से शाम तक पांचों मृतकों का पोस्टमार्टम न होने पर स्थानीय विधायक गोरखनाथ बाबा ने नाराजगी जताई है। इसे जिला प्रशासन की लापरवाही करार देते हुए वह पोस्टमार्टम हाउस में धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शनिवार रात में ही पांचों शव पुलिस की कस्टडी में आ गए थे। बावजूद इसके सुबह से अभी तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। कहा कि बीजेपी के शासन काल में इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। इससे पूर्व विधायक गांव पहुंच कर पूरे परिवार की हत्या किए जाने पर दुख प्रकट किया था।