अयोध्या। पुलिस ने विभिन्न इलाकों से मोटर साइकिलों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का खुलासा करके पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की मोटर साइकिल, मोबाइल फोन, नकदी समेत तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। सभी आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस लाइंस सभागार में बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मोटर साइकिलों की चोरी की तमाम घटनाएं सामने आने पर इनकी रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को पटरंगा पुलिस ने सीवन मोड़ के पास से अपराह्न करीब तीन बजे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए लोगों की पहचान सोनू कुमार उर्फ हैप्पी निवासी गड़रियाबाग, गोकुल नगर थाना किच्छा, जनपद ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड, दीपक कुमार निवासी सोहावल, थाना रौनाही, अयोध्या, लाल सिंह निवासी गड़रियाबाग, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड, कन्हैया निवासी आरडी इंटर कॉलेज के पास सोहावल व विष्णु सिंह निवासी गड़रियाबाग, ऊधमसिंह नगर उत्तराखंड के रूप में हुई है। बताया कि पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों के करीब 50 हजार रुपये के चार मोबाइल, चोरी की दो मोटर साइकिल, एक तमंचा, कारतूस व 3300 रुपये नकद बरामद हुए हैं।