अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के साहबगंज चौकी क्षेत्रांतर्गत स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सोमवार सुबह विद्युत शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। धुआं उठने पर लोगों ने बैंक कर्मचारियों व पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आग पर काबू पाया। तब तक बैंक के प्रवेश द्वार के निकट रखा फर्नीचर आदि जलकर राख हो गया।
साहबगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सोमवार सुबह छह बजे लोगों ने धुआं निकलता हुआ देखा। बैंक में आग लगने की संभावना जताते हुए स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार यादव व शाखा प्रबंधक के अलावा स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर आईजी कवींद्र प्रताप सिंह, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी विजयपाल सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बैंक का मुख्य द्वार खोलवाकर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी में आग बचाव कार्य करवाया। तब तक प्रवेश द्वार के निकट रखा कीमती फर्नीचर जलकर राख हो गया।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके राय ने बताया कि बैंक में प्रवेश करते ही दाहिने तरफ एक एसी लगा हुआ था।
संभावना है कि उसी की वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। सूचना मिलते ही दो टीमों के साथ मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सिर्फ फर्नीचर आदि जलने की जानकारी बैंक कर्मचारियों ने दी है।