अयोध्या। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने मासिक समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों में तेजी लाने, रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने, समाज कल्याण व समाज के पिछड़े लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठाने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि लक्ष्य के सापेक्ष 50 फीसदी तक ही पूर्ति हुई है। मनरेगा के तहत 12 लाख 45 हजार मानव दिवसों के सृजन के सापेक्ष अब तक 11 लाख 70 हजार मानव दिवसों का सृजन किया गया है। जनपद के 60 हजार 125 परिवार लाभान्वित हुए हैं। 25 करोड़ 18 लाख का भुगतान भी किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 10870 के सापेक्ष 10061 मकान पूर्ण हो चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण में वर्ष 2020-21 में 11750 लक्ष्य के सापेक्ष 11719 परिवारों को धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। 10105 आवास पूर्ण हो गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2021-22 में 2583 लक्ष्य के सापेक्ष 1954 लाभार्थियों को आवास की प्रथम किश्त तथा 617 लाभार्थियों को आवास की द्वितीय किश्त अवमुक्त कर दी गई है। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत में 280 आवास के लक्ष्य के सापेक्ष 202 लाभार्थियों को प्रथम किश्त जबकि 57 लाभार्थियों की द्वितीय किश्त जारी कर दी गयी है।
चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यह इंश्योर करने के निर्देश दिये गये कि किसी भी प्रकार की दवा कम न होने पाये। बैठक में पीएचसी एवं सीएचसी कुमारगंज, बड़ागांव, सुनबा पर समीक्षा की गई। संबंधित कार्यदायी संस्था को तेजी से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
निर्मित सामुदायिक शौचालयों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया। डीएम ने बेसिक शिक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी व अपशिष्ट प्रबंधन की प्रगति की समीक्षा की। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिया।
बैठक में तालाबों का पट्टा, उद्यान विभाग से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। 50 लाख से अधिक के निर्माण कार्यों पर भी समीक्षा व चर्चा की गई। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत चल रहे निर्माण कार्यो की भी समीक्षा की गई। बैठक में सीएमओ डॉ. अजय राजा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी धीरेंद्र यादव, पीडी आरपी सिंह, उपनिदेशक एग्रीकल्चर डॉ. एसके त्रिपाठी, उपायुक्त नरेगा नागेंद्र मोहन त्रिपाठी सहित अन्य सभी विभागों के लोग मौजूद थे।