मसौधा। एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोद में बैठा बच्चा और बाइक चला रहा पति घायल हो गए। पुलिस ने बस समेत चालक को चौरे बाजार चौकी के सामने घेराबंदी कर पकड़ लिया। दुर्घटना इलाहाबाद हाईवे पर भरतकुंड के पास भदरसा मोड़ पर हुई।
महिला भाजपा मंडल भदरसा के अध्यक्ष भगवती प्रसाद गुप्ता की बहू है, जो बच्चे का इलाज कराने के लिए पति के साथ बाइक से फैजाबाद गई थी। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। हादसा बीती रात का है।
28 वर्षीय पूजा पति सुनीत कुमार के साथ बच्चे का इलाज कराकर बाइक से घर भदरसा लौट रही थी। भरतकुंड-भदरसा मोड़ पर फैजाबाद से इलाहाबाद की ओर जा रही रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पूजा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक चालक पति सुनीत कुमार गुप्ता और गोद में बैठा एक वर्षीय बच्चा घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों का भदरसा के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कराने के बाद घर भेज दिया। मृतका पूजा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भदरसा चौकी इंचार्ज श्रीनिवास पांडे ने बताया कि दुर्घटना के बाद भाग रही बस को पुलिस चौकी चौरे बाजार के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया गया है। रोडवेज बस चालक राज कपूर शर्मा को हिरासत में लिया गया है। घटना की तहरीर भाजपा नेता भगवती प्रसाद गुप्ता ने दी है।