देर शाम टहलने निकलीं दो महिलाएं ठगी का शिकार हो गईं। ठगों ने दोनों को अपने जाल में फंसाकर बस स्टॉप से लेकर भीटी तिराहे तक चिकनी चुपड़ी बातों में कस्बे के उत्तर स्थित एक सुनसान घाट के बगल बरगद के पेड़ के पास ले जाकर लाखों रुपये के जेवरात उतरवा लिए।
बदले में कंकड़ पत्थर व दो जोड़ी पीतल के कंगन दे दिए। महिलाएं जब घर पहुंचीं तो उनको ठगी का अहसास हुआ। मामले की थाने में शिकायत की गई है। थाने के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने कहा कि मामला जानकारी में है। जांच कराई जा रही है।
कोतवाल ने बताया कि नगर पंचायत के टेढिया गली निवासी कमला सोनी पत्नी भगवत सोनी की कस्बे में ज्वैलरी की दुकान है। रोज की तरह वह देर शाम अपनी पुत्री सुनीता सोनी के साथ घर से बस स्टॉप तक वॉक करने के साथ ही लौटते समय भाजी खरीदती थीं।
लेकिन गुरुवार देर शाम वापसी में डाकखाना गली के पास मिले दो युवकों ने जान पहचान बढ़ाई तथा उनके साथ हो लिए। बातों में उलझाकर दोनों को भीटी चौराहा स्थित सीता राम घाट पर ले गए। भुक्तभोगी के पुत्र एवं समाजसेवी व नगर पंचायत के पूर्व सभासद हनुमान सोनी ने बताया कि ठगों ने सीताराम घाट पर मेरी मां व बहन से पहने हुए सोने के सामान को एक रूमाल में बांधकर देने को कहा।
इस पर उन्होंने सोने की चैन, झाला, चार अंगूठी, दो जोड़ी टप्स, सोने की चार चूड़ी, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये थी उतारकर रूमाल में बांधकर दे दिए। दोनों को थोड़ी देर के लिए आंख बंद कर खोलने को कहा, इतनी देर में ठगों ने रूमाल में रखे सामान को निकालकर उसी रूमाल में पीतल के दो जोड़ी कंगन तथा कंकड़ पत्थर भरकर दे दिए। घर पहुंचने पर उनको ठगी का अहसास हुआ। मामलेे की शिकायत पुलिस से की गई है।