आचार संहिता उल्लंघन के मामले में दो प्रत्याशियों मिल्कीपुर से बसपा प्रत्याशी रामगोपाल के खिलाफ इनायतनगर थाने में और बीकापुर विधानसभा के एआईएमआई पार्टी प्रत्याशी जुबेर अहमद के खिलाफ रौनाही में केस दर्ज किए गए हैं।
मिल्कीपुर विधानसभा के बसपा प्रत्याशी रामगोपाल के खिलाफ शनिवार को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला इनायतनगर थाने में दर्ज किया गया है। मिल्कीपुर तहसील के सहुलारा गांव में सरकारी भूमि पर बने एक भवन पर बसपा प्रत्याशी ने पोस्टर, वॉल राइटिंग कराई थी।
एसडीएम मिल्कीपुर गिरजेश चौधरी के निर्देश पर इनायतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट बसपा प्रत्याशी के खिलाफ दर्ज की गई है।
वहीं रौनाही थाने में शनिवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के एआईएमआई पार्टी प्रत्याशी जुबेर अहमद के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष आरपी सिंह ने बताया कि ड्योढ़ी बाजार में पार्टी प्रत्याशी का पोस्टर लगा था, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
रुदौली विधानसभा के बसपा प्रत्याशी हाजी फिरोज खां गब्बर के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का एक और केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पूरे शाह लाल व अलियाबाद मार्ग के धमौरा के पास बसपा प्रत्याशी का पोस्टर टंगा मिला। इससे पहले भी पटरंगा थाने में उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था।