अवध विश्वविद्यालय इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टक्नोलॉजी विभाग के लवकुश हॉस्टल में रविवार को रात साढ़े आठ बजे घुसे अज्ञात करीब 40 ट्रक चालकों ने गालियां और धमकियां देते हुए लोहे के राड और डंडे से लैस होकर जमकर उत्पात किया।
कमरे खोलवाकर कई छात्रों की बर्बर पिटाई की और सामानों को तहस-नहस कर दिया। हमले के दौरान छात्र चीखते-चिल्लाते रहे, मगर कोई मदद नहीं मिली। आधे घंटे तक खौफ से सहमे छात्रों ने चालकों के जाने बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी, इसके बाद एसपी ग्रामीण कुलदीप नारायण के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीन छात्रों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच अन्य तहरीर लिखवा रहे हैं। देर रात तक पुलिस मौके पर जांच-पड़ताल में जुटी रही।
अवध विवि फैजाबाद के परिसर से सटा नाका बाईपास हाईवे पर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टक्नोलॉजी विभाग का लवकुश हॉस्टल है। यहां रविवार की रात करीब 8 बजे ट्रकों की कतार गेट को कब्जा करते हुए खड़ी हो गई।
हॉस्टल के छात्रों ने गेट पर खड़े एक ट्रक चालक को ट्रक हटाने के लिए कहा, तो वह तू-तू मैंमैं करने लगा। छात्रों का कहना है कि चालक ने सड़क सरकारी बताते हुए ट्रक नहीं हटाने की बात कही, इसपर बहस हो गई। इसके बाद वह धमकी देता हुआ चला गया।
छात्र हॉस्टल में आकर खाना खाने की तैयारी में जुट गए। तभी करीब साढ़े आठ बजे करीब 40 ट्रक चालकों व खलासियों के हुजूम ने हॉस्टल का गेट फांदकर अंदर प्रवेश किया। हाथ में राड व लाठी से हमला कर हॉस्टल के शीशे तोड़ने लगे।
छात्रों में भगदड़ व चीख-पुकार मच गई। डर से कमरे बंद कर कई छात्र अंदर छिप गए। चालकों ने कई कमरों के दरवाजे तोड़ डाले, बिजली मीटर भी गेट पर तोड डाला। कमरों में घुसकर छात्रों पर हमले बोल दिए, उनके सामानों को तहस-नहस कर दिया। सोने के तख्त तक तोड़ डाले।
आलमारी, बाल्टी, तोड़ डाली। हमले के दौरान आधे घंटे तक छात्र सहमे रहे। चालकों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर एसपी ग्रामीण कुलदीप, सीओ सिटी व कोतवाल एके राय ने पहुंचकर एंबुलेंस से तीन घायलों को गंभीर हाल में जिला अस्पताल भिजवाया।
गंभीर रूप से घायलों में छात्र देवेंद्र प्रताप सिंह निवासी चंदोली के गरदन व कमर में राड से गंभीर चोट आई है। बीरू ठाकुर निवासी प्रतापगढ़ का हाथ टूट गया है। राहुल कुमार सिंह फैजाबाद की आंख में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा शर्मेश कुमार, रविकांतयादव, दीपक सिंह, रवि पटेल समेत 8 छात्रों को चोट आई है। परिसर के अन्य हास्टलों में रहने वाले तमाम छात्र मौके पर आक्रोशित दिखे।