रौनाही थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पांच वर्षीय बच्ची का बदनीयती से अपहरण करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मिली बच्ची को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया है।
प्राइमरी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा बुधवार को स्कूल से अपने घर वापस जा रही थी। इसी दौरान उसका अपहरण कर लिया गया। परिवारीजन खोजबीन के बाद बुधवार रात करीब आठ बजे रौनाही थाने पहुंचे और बताया कि रुदौली के ललुआपुर गांव में अपहरणकर्ता ने बच्ची को छुपाकर रखा है।
पुलिस ने बताए गए स्थल पर छापा मारा और आरोपी युवक के साथ बच्ची को ढूंढ लिया। रौनाही थानाध्यक्ष केके गुप्ता ने बताया कि बच्ची का कहना है कि उसके साथ किसी तरह का उत्पीड़न नहीं हुआ है, बस उसे धमकी दी जा रही थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी युवक भग्गुलाल पासी निवासी डेरामूसि को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया और बच्ची को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।