रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर गुरुवार की रात 11 बजे के करीब ट्रैक पर 65 वर्षीय वृद्ध का कटा पड़ा शव मिलने से हड़कंप मच गया। ट्रैक पर शव पड़ा देख डाउन 18192 के लोको पायलट मुन्नालाल ने ट्रेन खड़ी कर दी।
सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद फैजाबाद से लेकर अयोध्या तक डाउन सिग्नल को अप कर दिया गया। रात 11:30 बजे के करीब जीआरपी ने मेमो पाकर कटे शव को हटवाया। करीब 40 मिनट बाद रात 11:35 बजे एक्सप्रेस ट्रेन छपरा के लिए रवाना की जा सकी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम बाद तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार रात 10:50 बजे के करीब डाउन फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस प्लेटफार्म एक पर खड़ी थी। पांच मिनट बाद इसे फैजाबाद से अयोध्या तक सिग्नल हुआ और ट्रेन चल पड़ी। जीआरपी मेस के पूरब बने फ्लाई ओवर के पास ट्रैक की उत्तरी पटरी पर कटा शव लोको पायलट मुन्नूलाल को दिखा तो ट्रेन खड़ी कर दी।
वाकी-टाकी पर सूचना स्टेशन मास्टर कार्यालय को दी गयी। इसके बाद हड़कंप मच गया। लोको पायलट ने कटा शव हटाए बगैर गाड़ी आगे बढ़ाने से मना कर दिया। इसके बाद सिग्नल उठा दिया गया और हरी बत्तियां लाल में बदल गयीं। जीआरपी थाने पर तैनात शिवशंकर पटेल ने बताया कि रात 11:30 बजे मेमो पाने के तत्काल बाद शव को ट्रैक से हटवाया गया।
वृद्ध के रात आठ बजे के करीब प्लेटफार्म एक पर आई 12225 अप आजमगढ़-दिल्ली एक्सप्रेस से कटने की संभावना को खारिज कर दिया। कहा, घटनास्थल जीआरपी मेस के पास है। बोले, शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।