मथौली बाजार। हाटा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिकटिया गांव के पास छोटी गंडक नदी के उत्तरवाहिनी घाट के पास शुक्रवार को छह वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। बालक घाट पर कर्मकांड करा रहे अपने दादा के साथ गया था।
सिकटिया गांव के गड़ेरी पट्टी टोला निवासी सत्यानंद मिश्र का छह वर्षीय बेटा सुधांशु शुक्रवार को दादा अक्षैयवर मिश्र के साथ गांव के पास स्थित छोटी गंडक नदी के उत्तर वाहिनी घाट पर गया था। उसके दादा वहां एक व्यक्ति का कर्मकांड करा रहे थे। बताया जाता है कि सुधांशु नदी में नहाने उतरा तो लोग उसे एक बार पकड़कर बाहर ले आए।
थोड़ी देर बाद वह फिर लोगाें से नजर बचाकर नहाने उतर गया। दूसरी बार पकड़कर ले आए लोगों ने बच्चे को डांटकर घर भेजा। परंतु वह वहां से कुछ दूरी पर जाकर कपड़े निकालकर नदी में नहाने लगा। कर्मकांड खत्म कर सब लोग घर चले गए।
सुधांशु के घर नहीं पहुंचने की जानकारी होने पर घर के लोग उसे खोजते हुए दुबारा नदी के किनारे पहुंचे तो एक जगह उसके कपड़े पड़े थे। वहां से कुछ ही दूरी पर नदी में बालू खनन से बने गड्ढे में सुधांशु डूबा हुआ था। लोग उसे वहां से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली बाजार ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।