रौनाही थाना क्षेत्र के ड्योढ़ी बाजार स्थित उप डाकघर में माह भर पूर्व हुई सात लाख रुपये की चोरी की घटना का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन शातिर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था, जिसमें से एक जिलाबदर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी के 19 हजार चार सौ रुपये बरामद किए हैं। 30 मार्च को उप डाकघर ड्योढ़ी में हुई सात लाख 56 हजार रुपयों की चोरी की घटना में पुलिस एक माह से आरोपियों की तलाश कर रही थी। रिपोर्ट उप डाकपाल रामसुफल पांडेय ने दर्ज कराई थी।
थानाध्यक्ष केके गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की शाम जिलाबदर सतीश सिंह निवासी ड्योढ़ी को कांटा चौराहे से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ ने उसने घटना कबूलते हुए बताया कि थाना क्षेत्र निवासी पप्पू चौहान ने चोरी की योजना बनाई थी।
मनोज रावत निवासी किनहुँपुर और सतीश सिंह के साथ पप्पू ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी का 45 हजार रुपये सतीश ने लिया था। बाकी बंटवारे की रकम का लेनदेन गुरुवार को कांटा चौराहे पर होना था।
सतीश के कब्जे से चोरी का 19 हजार चार सौ रुपये बरामद किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।