जिला अस्पताल में मामले की जांच करते एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बालू घाट पुल के किनारे शुक्रवार को एक सिपाही का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान मिले हैं लेकिन यह कैसे घायल हुआ अभी तक जांच में सामने नहीं आ पाया है।
सीओ अयोध्या ने बताया कि किसी चीज से टक्कर लगने की संभावना है। मामले की पूरी जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस लाइन में अंतिम सलामी के बाद शव को घर भेज दिया गया है।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में साकेत पेट्रोल पंप के निकट बाईपास पर बालू घाट पुल किनारे दोपहर बाद एक शख्स घायल अवस्था में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि शव सिपाही सौरभ मिश्रा का है।
घटनास्थल के पास से ही पुलिस ने उसकी बाइक और हेलमेट बरामद किया है। मोबाइल भी मिला है। जिसमें अंतिम कॉल किसी घनश्याम नामक शख्स को किया गया है। पुलिस का कहना है कि मृत सिपाही की ड्यूटी विवादित परिसर के यलो जोन की सुरक्षा में थी।
उसने तीन दिन का अवकाश ले रखा था और अपनी बाइक से बस्ती जा रहा था। आशंका जताई कि सिपाही सड़क हादसे का शिकार हो गया। 31 वर्षीय सौरभ मिश्रा पुत्र संकट शरण मिश्रा मूल रूप से गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र स्थित जजपुरी गांव का निवासी था।
एसएसपी समेत अन्य ने जिला अस्पताल पहुंच मामले की जानकारी ली। मौत कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। एसपी सिटी संकल्प शर्मा ने बताया आशंका है कि अयोध्या में सिपाही सौरभ सड़क हादसे का शिकार हो गया।
सीओ अयोध्या दिनेश द्विवेदी का कहना है कि कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है। सिपाही यदि हादसे का शिकार हुआ तो कैसे? उसके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हुई? इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।