विजिलेंस व पावर कॉर्पोरेशन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापा मारकर आधा दर्जन बकायेदारों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। पूर्व में इन सभी का विद्युत कनेक्शन अधिक बकाया होने के चलते काट दिया गया था।
जिसे प्राइवेट लाइनमैनों के माध्यम से बकायेदारों ने पुन: जोड़वा लिया था। सभी के खिलाफ गोसाईगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। शुक्रवार दोपहर गोशाईगंज नगर में संयुक्त टीम ने जैसे ही छापा मारा खलबली मच गई।
टीम ने टेड़िया गली के विजय सोनी, हरिशंकर किराना स्टोर, करुणानिधान सोनी, कटरा मोहल्ला निवासी राजेश, वेदप्रकाश व नवशाद को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। इन सभी के ऊपर 50 हजार रुपए से अधिक का विद्युत बिल बकाया है।
सभी के खिलाफ गोशाईगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। एसडीओ सुभाष मौर्य ने बताया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए विभाग का विशेष अभियान चल रहा है। इसी के तहत यह कार्रवाई हुई है।