प्रधानी के चुनाव से शुरू हुई रंजिश को लेकर सोमवार की देर शाम दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। एक पक्ष ने मारपीट का आरोप लगाया तो दूसरे पक्ष की तरफ से एक किशोरी ने रुदौली के बसपा प्रत्याशी के भाई व सोहावल ब्लॉक प्रमुख समेत चार पर छेड़छाड़ व घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर रुदौली कोतवाली में दी गई तहरीर में एक गांव की किशोरी ने आरोप लगाया है कि सोमवार देर शाम तकरीबन सात बजे जब वह अपने नाना के यहां मौजूद थी तो गांव के एजाज, श्याम सिंह रावत, शेरअली और फिरदौस खां व निवासी रौनाही बसपा की झंडा लगी गाड़ी से आए और घर में घुस कर उसके साथ जबरदस्ती की और अगवा करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर कपड़े फाड़ डाले और जमकर मारापीटा।
वहीं दूसरे पक्ष गांव निवासी श्याम सिंह रावत का आरोप है कि सोमवार की दोपहर वह गांव के बाहर एक बाग में मौजूद थे तभी उदय सिंह, राजू सिंह व खालिक ने आकर उसकी जमकर पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी गई।