दुकान की शटर पर हुई फायरिंग का निशान
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के महबूबगंज बाजार में शनिवार की रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर फायर झोंक दिया। बदमाशों के निशाने पर एक युवक था,लेकिन वह बाल-बाल बच गया। गोली युवक के चेहरे के बगल से निकलती हुए शराब की दुकान के शटर में जा लगी। युवक का चेहरा झुलस गया है।
शनिवार की रात तकरीबन साढे़ नौ बजे कोतवाली क्षेत्र के महबूबगंज बाजार में शेरवा गांव निवासी राजेश यादव (22) पुत्र रामभवन अपने एक साथी के साथ शराब के दुकान के बगल बैठा था। उसी समय बाइक सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और पीछे बैठा नकाबपोश युवक राजेश की ओर लपका।
राजेश उसे अपनी ओर आता देख हड़बड़ाकर भागना चाहा लेकिन तब तक बदमाश ने राजेश के कनपटी के पास तमंचे से फायर झाेंक दिया। गोली राजेश के चेहरे के बगल से होते हुए शराब की दुकान की शटर में जा धंसी लेकिन बगल से निकली गोली से उसका चेहरा झुलस गया।
लोगों की भीड़ आते देख बाइक सवार बदमाश भाग निकले। घटना स्थल से चंद कदमों की दूरी पर अस्थायी चौकी भी बनी है लेकिन मौके पर कोई पुलिस कर्मी वहां नहीं पहुंचा। जिसे लेकर लोगों में आक्रोश रहा। राजेश को फौरन सीएचसी ले जाया गया।
प्रभारी कोतवाल शाह आलम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर पर इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के करमपुर बरसांवा निवासी दद्दू पांडेय पुत्र रघुनंदन पांडेय व एक अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले, मारपीट व धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। दो दिन पूर्व शराब के ठेके के पास राजेश का दद्दू पांडेय के साथ विवाद हुआ था। घटना को उसी से जोड़ कर देखा जा रहा है।