रायबरेली रोड पर कैंट थाना क्षेत्र स्थित मानस नगर उसरू स्थित एक कबाड़ी की दुकान में हुए धमाके में घायल दो अन्य युवकों की मंगलवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कबाड़ में हुए धमाके को लेकर पुलिस अब भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस ने धमाका स्थल से सैंपल को एकत्र कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब आगरा भेजा है।
उधर, लखनऊ में आईजी कानून-व्यवस्था भगवान स्वरूप ने दावा किया कि कबाड़ में हुआ विस्फोट डोगरा सैन्य छावनी का ही हो सकता है।
सोमवार की शाम करीब चार बजे मानस नगर स्थित आजमगढ़ जिले के सिंचाई कॉलोनी निवासी इंदर यादव कबाड़ी की दुकान में जोरदार धमाका हुआ था।
इसमें इनायतनगर थाना क्षेत्र के कुचेरा निवासी दुर्गा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आजमगढ़ जिला निवासी 23 वर्षीय महेंद्र यादव की जिला अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई थी।
दो घायलों 31 वर्षीय विनोद कुमार यादव व 42 वर्षीय श्यामू को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया था। मंगलवार को लखनऊ में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि घटना में घायलों की भी मौत हो गई है। मंगलवार को भी बम खोजी व निरोधी दस्ते तथा फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ धमाका स्थल की जांच-पड़ताल की।
इसमें विस्फोट की प्रकृति आदि के बारे में कुछ निष्कर्ष नहीं निकल सका। सैंपल फोरेंसिक लैब आगरा भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही धमाके के बारे विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।