इनायतनगर के पाराताजपुर गांव में रविवार को हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने एक और रिपोर्ट दर्ज की है। ये रिपोर्ट प्रधान पुत्र समेत छह के खिलाफ धोखाधड़ी व कूटरचना की धारा में दर्ज कराई गई है।
पाराजातपुर गांव में रविवार को मनरेगा के तहत कराये जा रहे विकास कार्य के दौरान पुलिस को पेड़ काटने की शिकायत मिली थी। मौके पर पहुंचे हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी आरसी यादव तथा हमराही सिपाही मनोज कुमार व शीतला प्रसाद तथा होमगार्ड अजय कुमार सिंह के साथ विवाद के बाद मारपीट की गई थी।
जिसमें तीन लोग घायल हो गए थे। इस पर गांव पहुंची पुलिस फोर्स ने ग्रामीणों की पिटाई की थी और महिला प्रधान समेत 19 को गिरफ्तार किया था। प्रकरण में सरकारी कर्मी पर जानलेवा हमला, तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा, बाइक लूटने समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
गांव निवासी राममूरत की तरफ से प्रधान पुत्र शिवकुमार समेत सात के खिलाफ किराना दुकान पर हमला करके सामान व छह हजार रुपये लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रधान पुत्र शिवकुमार पुलिस के हाथ नहीं लगा था।
पुलिस को बोलेरो गाड़ी की तलाशी में डीएम समेत अन्य अफसरों की मोहरें बरामद हुई थीं। अब पुलिस ने प्रधान पुत्र समेत छह के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी मोहित कुमार ने बुधवार को बताया कि थाने के दारोगा सुनील कुमार सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें आरोप है कि प्रधान शिवकुमारी के पुत्र अरविंद कुमार चौरसिया निवासी पारा ताजपुर थाना इनायतनगर समेत छह ने धोखाधड़ी व फर्जी कागजात तैयार कराने के लिए विभिन्न सरकारी अधिकारियों की फर्जी मोहरें बनवाईं।