मध्यावकाश के समय सोमवार को कचहरी में उस समय हलचल मच गई, जब सीजेएम के चैंबर में एक दरोगा घुस गया। चैंबर में घुसने के आरोप में दरोगा को कस्टडी में ले लिया गया। इससे अफरातफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती इससे पहले सीजेएम ने स्वयं पहुंच कर मामले को संभाल लिया।
यह मामला दोपहर लगभग डेढ़ से दो बजे के बीच मध्यावकाश का है। कोतवाली नगर में तैनात आरोपी दरोगा श्यामानंद राय ने बताया कि मुकदमा अपराध संख्या 692/2001 धारा 419, 420 के मामले में उसे सीजेएम रवींद्र प्रसाद गुप्त ने बुलाया था।
इस मामले में साहबदीन राम सीताराम इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या आशा सिंह सफरीवाला के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया जाना है। संबंधित पत्रावली को लेकर वह सीजेएम के बुलाने पर उनके चैंबर में गया। वहां पहुंचने पर उसे बाहर जाने का आदेश दिया गया।
बुलाए जाने की बात कहने पर उसे कस्टडी में लेने का आदेश दे दिया गया। हरकत में आई कोर्ट में तैनात पुलिस ने उसे फौरन कस्टडी में ले लिया। इस पर वकीलों का जमावड़ा लग गया और गहमागहमी शुरू हो गई। सीजेएम फौरन कोर्ट में पहुंचे और उन्होंने वकीलों को शांत कराया। घ
टना की सूचना पर एसपी सिटी संकल्प शर्मा, सीओ सिटी राजेश तिवारी भी मौके पर पहुंचे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष बब्बन चौबे व संयुक्त मंत्री रवींद्र वर्मा ने मौके पर पहुंच कर संबंधित दरोगा से सीजेएम से माफी मंगवाई। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया।