इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम आदिलपुर में एक शिक्षिका ने सेना में तैनात पति, देवर और सास के खिलाफ मारपीट व दहेज प्रताड़ना सहित सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी आईपी यादव ने बताया कि हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय उरुवा वैश्य में तैनात शिक्षिका रीता ने ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए महिला हेल्पलाइन पर शिकायत की थी कि उसे दहेज के लिए ससुरालीजन मारते-पीटते है।
पति सर्वेश कुमार सेना में तैनात है और दहेज के लिए उत्पीड़न करता रहता है। उसे उसके देवर दुर्गेश कुमार और सास गायत्री देवी ने भी मारापीटा। जान बचाकर जब वह तैनाती वाले विद्यालय पहुंची तो वे लोग स्कूल में भी पहुंचकर मारपीट करने लगे। पहले पति की मृत्यु के बाद रीता का यह दूसरा विवाह है।
पीड़िता ने बताया कि 12 मार्च 2017 को उसके पति, देवर और सास ने गाली गलौज और मारपीट की। जिसके बाद महिला हेल्पलाइन 1090 पर शिकायत दर्ज कराई थी। चौकी प्रभरी ने बताया कि शिकायत के आधार पर शनिवार को इनायतनगर थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।