फिर देर रात युवक की हत्या कर दी गई। मामले में प्रेमिका समेत उसकी मां व दादी को नामजद किया गया है। युवक के सीने में तमंचा सटाकर गोली मारी गई।
शरीर समेत नाजुक अंग को भी चोट पहुंचाई गई। घटना इनायतनगर थानाक्षेत्र के मवई कला गांव में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
मृत युवक के पिता ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा कि वह शादी को तैयार था, कई बार प्रयास किया लेकिन लड़की के घर वाले रिश्ते के खिलाफ थे।
जिले के खंडासा थानाक्षेत्र के गहनाग गांव का निवासी राधेश्याम शुक्ल सीतापुर के ग्रामीण बैंक महमूदाबाद में शाखा प्रबंधक हैं। वहां दो बेटे संजय कुमार शुक्ल (35) और अजय कुमार शुक्ल (30) और बहू आरती के साथ रहते हैं।
बड़े बेटे की ससुराल इनायतनगर थानाक्षेत्र के मवईकला गांव में स्व. सुरेंद्र प्रसाद तिवारी के यहां है। सुरेंद्र और उनके इकलौते बेटे सुनील की मौत हो चुकी है।
घर पर स्व. सुरेंद्र की पत्नी सोना देवी समेत बहू राजश्री पत्नी स्व. सुनील, उनकी तीन बेटी शिखा तिवारी (22), काजल उर्फ शिल्पी (18), साक्षी (5) व एक पुत्र सिद्धांत (9) रहते हैं।
शनिवार को शिखा सुल्तानपुर अपने कॉलेज गई थी। इस बीच शिल्पी ने अजय कुमार शुक्ल को फोन कर सीतापुर से घर बुलाया। अजय पहले अपने घर गहनाग गया, फिर वहां से रात में बाइक लेकर मवईकला पहुंचा। रविवार सुबह उसकी लाश मिलने से हलचल मच गई।
सूचना पर एसएसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी व डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची। पुलिस के मुताबिक सीने से सटाकर तमंचे से गोली मारी गई है। साथ ही शरीर के नाजुक अंगों पर भी घाव है।
लगता है इस पर तमंचे के बट से प्रहार किया गया है। मृत युवक का पिता राधेश्याम भी सीतापुर से बड़े बेटे की ससुराल पहुंचे। उनकी ओर से सुरेंद्र की पत्नी सोना, राजश्री और उसकी बेटी शिल्पी के खिलाफ नामजद तहरीर दे रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने तीनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है। इनायतनगर के थानाध्यक्ष रामस्वरूप कमल का कहना है कि नामजद तीनों के खिलाफ रिपोर्ट कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हत्या के पीछे प्रेम संबंध सामने आया है।
पिता ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कहा है कि वे अजय और शिल्पी के प्रेम को देखते हुए शादी के लिए तैयार थे। कई बार कोशिश की, लेकिन शिल्पी की मां तैयार नहीं थी। इन लोगों ने शिल्पी से फोन कराकर अजय बुलवाया, फिर हत्या की।
पुलिस का कहना है कि जांच में अभी कई राज खुलेंगे। महिलाएं इस तरह से हत्या को अंजाम नहीं दे सकती। जरूर कोई और शातिर वारदात में शामिल रहा होगा। घटना स्थल से एक 12 बोर का तमंचा बरामद हुआ है, जिसमें फायर के बाद खोखा भी फंसा मिला है।