थाना क्षेत्र के मिझौली किशुुनदासपुर मजरे लालतारा में मंगलवार की सुबह जमीन के विवाद को लेकर लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने कानपुर नगर के सहायक आयुक्त उद्योग को घर में घुस कर मारा-पीटा। बीच-बचाव को दौड़े परिवार के अन्य लोगों की भी पिटाई की।
सहायक आयुक्त होली की छुट्टी में घर आये थे। हमले मेें आयुक्त के अलावा उनकी पत्नी व दो महिलाएं भी घायल हुई हैं। घायलों को मेडिकल व उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
एनटीपीसी भोपाल में कार्यरत अभियंता गांव निवासी राकेश वर्मा का जमीन संबंधी विवाद रामअचल वर्मा से चल रहा है। कब्जे को लेकर कई बार दोनों पक्षों में विवाद हो चुका है। होली की शाम विवादित भूमि पर गोबर की खाद फेंकने को लेकर विवाद हुआ था।
मंगलवार की सुबह इसी विवाद को लेकर राकेश कुमार वर्मा, राजेश, रमेेश, दिनेश, अतुल, वासदेव, अर्जुन, गायत्री, आंचल, निर्मला निवासी लालतारा व बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के बबुरिहा कौधा के जग प्रसाद समेत अन्य ने आयुक्त के घर पर हमला बोल दिया।
घर में घुसकर कानपुर नगर में सहायक आयुक्त उद्योग अश्विन कुमार वर्मा व जीआईसी आगरा में भूगोल के प्रवक्ता 36 वर्षीय अभिनाश वर्मा, उसकी पत्नी 30 वर्षीय बबिता वर्मा, अश्विन की पत्नी 28 वर्षीय रश्मि व 50 वर्षीय राम अचल पुत्र रामयश को घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची डायल 100 की टीम ने सभी को इलाज के लिए तारुन सीएचसी पहुंचाया। दूसरे पक्ष के रमेश का भी सीएचसी पर उपचार व परीक्षण हुआ है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है जबकि बाकी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज कर विवेचना कराई जा रही है। अतुल कुमार वर्मा व दिनेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पांच दिन पूर्व दोनों पक्षों के पांच को पाबंद किया गया था। एसडीएम को पाबंदी की राशि जब्त करने के लिए पत्र भेजा जा रहा है।