दिल्ली से बेटी के साथ फैजाबाद आ रही महिला का पर्स शाहजहांपुर में चोरी चला गया। महिला ने शक पर वेंडर युवक से तलाशी देने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। इस पर महिला ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन में चल रही फैजाबाद की स्कॉर्ट को सूचना दी।
जवानों ने वेंडर को पकड़ लिया। चोरी गया पर्स व उसमें रखे सामान तो मिल गये, लेकिन कान का सोने का झाला और सोने की अंगूठी नहीं मिली। महिला की तहरीर पर युवक का चालान चोरी व माल बरामदगी की धारा में कर दिया। वेंडर हरदोई जिले के थाना कोतवाली देहात अंतर्गत लाला पुरवा का रहने वाला धीरज पाल बताया गया है।
जीआरपी के प्रभारी थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्रांतर्गत मोइया कपूरपुर बेगमगंज की रहने वाली मीरा देवी पत्नी रामदेव गुप्त पुत्री ज्योति के साथ डाउन 14206 दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस से फैजाबाद आ रही थी।
ट्रेन की एसई-1 कोच की बर्थ 38, 40 पर बेटी संग सवार मीरा का पर्स शाहजहांपुर में चोरी हो गया। पर्स में सोने का झाला, अंगूठी, सिम लगी माइक्रोमैक्स मोबाइल, तीन सौ रुपया नकद, आधार कार्ड, वोटर आईडी, यात्रा टिकट आदि था।
महिला को ट्रेन में चल रहे एक वेंडर पर शक हुआ। महिला के कहने पर वेंडर ने तलाशी नहीं दी तो उसने ट्रेन में सवार फैजाबाद की स्कॉर्ट को बताया। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्कॉर्ट के जवानों ने वेंडर को पकड़ कर तलाशी ली तो पर्स व उसमें रखे सभी सामान मिल गये, लेकिन सोने का झाला और अंगूठी नहीं मिली। कहा, पकड़े गये चोर का मंगलवार को चालान कर दिया गया।